नई दिल्ली
आईसीसी टी-20 विश्व कप में भारत के खराब प्रदर्शन के बाद पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भारतीय टीम का बचाव किया है। उन्होंने क्रिकेट फैंस अपील करते हुए कहा है कि भारत के विश्व कप से बाहर होने के बाद टीम के खिलाड़ियों के प्रति कठोर व्यवहार न अपनाएं। संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में खेले जा रहे टी-20 विश्व कप में भारत सेमीफाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहा। रविवार को अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच में भारत की उम्मीदें उस समय समाप्त हो गईं जब कीवी टीम ने अफगानिस्तान को एकतरफा मुकाबले में आठ विकेट से हराया। इस जीत के बाद न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच गया। विश्व कप में भारत के इस प्रदर्शन से क्रिकेट फैंस काफी नाराज हैं। पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर के लगता है कि प्रशंसकों को निष्कर्ष पर नहीं जाना चाहिए। एक खराब टूर्नामेंट के बावजूद टीम इंडिया का समर्थन करना जारी रखें।