ग्राम पंचायत धोलीपाल को उपतहसील का दर्जा देने की मांग
by seemasandesh
युवा ग्राम विकास समिति ने राजस्व मंत्री को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। ग्राम पंचायत धोलीपाल को उपतहसील का दर्जा देने व अपवादित/विवादित खातों के निस्तारण की मांग को लेकर युवा ग्राम विकास समिति, धोलीपाल के सदस्यों ने राजस्व मंत्री रामलाल जाट को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन हनुमानगढ़ दौरे पर आए राजस्व मंत्री को सर्किट हाउस में समिति अध्यक्ष एडवोकेट गुलाबसिंह के नेतृत्व में सौंपा गया। समिति अध्यक्ष एडवोकेट गुलाबसिंह ने राजस्व मंत्री को बताया कि ग्राम पंचायत धोलीपाल स्टेट हाइवे संख्या 7 पर स्थित है। इस गांव के पांच से दस किलोमीटर के दायरे में हिरनावाली, 8 एलएलडब्ल्यू, सम्पतनगर, किकरवाली, चक 8 डीएलपी, अमरपुरा जालू, शाहपीनी, सिंहपुरा, इन्द्रपुरा, बुगलांवाली, छापांवाली लालबाई, मानुका, रोड़ांवाली सहित करीब 14-15 गांव हैं। यह सभी गांव वर्तमान में हनुमानगढ़-संगरिया के क्षेत्राधिकार के हैं। इन गावों की तहसील कार्यालय से दूरी 20-30 किलोमीटर है। अधिक दूरी होने से इन गांव के वाशिंदों को रजिस्टरी, वसीयत, त्यागपत्र व अन्य राजस्व सम्बन्धी कार्य के लिए आर्थिक व भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसी परिस्थिति में ग्राम पंचायत धोलीपाल में सभी सुविधाएं जैसे बैंकिंग, डाक, बड़ा हॉस्पीटल सीएचसी, शहरी सुविधाएं, आने-जाने में सुविधा होने की वजह से ग्राम पंचायत धोलीपाल को जनहित में उपतहसील का दर्जा सरकार की ओर से दिया न्यायोचित होगा ताकि आमजन को सुविधा मिले सके। समिति सदस्यों ने इन परिस्थितियों को मध्यनजर रखते हुए ग्राम पंचायत धोलीपाल को शीघ्र ही उपतहसील का दर्जा प्रदान करने की मांग की। राजस्व मंत्री को एक अन्य ज्ञापन सौंपते हुए समिति अध्यक्ष ने बताया कि अपवादित खातों का निस्तारण करने के लिए सरकार को तहसीलदार, गिरदावर, हल्का पटवारी, सरपंच, डायरेक्टर एवं बीके अध्यक्ष वगैरा की कमेटी गठित करनी होगी। तहसीलदार को पाबंद किया जाए कि अपवादित खाते से संबंधित समस्त पुराना रिकार्ड निकालकर उस चक से संबंधित किसानों की बात मौके पर सुनकर ही इन अपवादित खातों का निस्तारण किया जाए लेकिन तहसीलदार, एसडीएम इस सुझाव को मानने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि जिला कलक्टर को निर्देशित किया जाए कि तहसीलदार अपने स्तर कमेटी गठित कर संबंधित किसानों को मौके पर सुनकर तथा कब्जा काश्त अनुसार ही इन अपवादित खातों का निस्तारण करे।