हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गांव कोहला के नजदीक नगर परिषद की ओर से बनाई गई जिला स्तरीय हड्डारोडी को हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर हड्डारोडी हटाओ संघर्ष समिति कोहला के सदस्यों ने शनिवार को राजस्व मंत्री रामलाल जाट को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान समिति सदस्यों ने बताया कि गांव कोहला के ग्रामीण पिछले 81 दिनों से गांव के पास जिला स्तरीय हड्डारोडी बनाने के खिलाफ बेमियादी धरना दे रहे हैं। परंतु प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की सुनवाई नहीं की जा रही। कई दिन पहले जब दो वाहनों में मृत पशुओं की हड्डियां भरकर यहां डाली गई थी तो उसकी बदबू से सारे गांव का खाना-पीना मुश्किल हो गया था। यदि यह हड्डारोडी नहीं हटाई गई तो ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो जाएगा तथा गांव उजड़ जाएगा। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हड्डारोडी को यहां से हटाकर गांव को उजड़ने से बचाने की मांग ग्रामीणों ने राजस्व मंत्री से की। इस मौके पर समिति सरंक्षक हरीराम सुथार सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।