ग्राम पंचायत ने नहीं दिया ध्यान तो स्वयं जुटे नालियों की सफाई करने
by seemasandesh
सूचना मिलने पर पहुंचे जिला परिषद सदस्य ने भी फावड़े से निकाली नालियों में भरी गंदगी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। ग्राम पंचायत मक्कासर की गली नम्बर दो के वाशिंदे पिछले कुछ समय से नालियों की सफाई न होने की समस्या से परेशान हैं। इस गली के वाशिंदों को दो-दो ग्राम पंचायतें लगती हैं। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हो रहा। मजबूरन ग्रामीणों ने गुरुवार को स्वयं फावड़ा उठाकर नालियों की सफाई का कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मौके पर जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा को भी बुलाकर समस्या से अवगत करवाया। ग्रामीणों की समस्या सुनकर जिला परिषद सदस्य गोदारा स्वयं भी फावड़ा लेकर नालियों के सफाई कार्य में ग्रामीणों के साथ जुट गए। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा ने बताया कि गुरुवार को होली त्योहार के दिन गांव की दो नम्बर गली के वाशिंदों ने स्वयं नालियों की सफाई का कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर वे भी मौके पर पहुंचे और नाली सफाई के कार्य में सहयोग किया। साथ ही कहा कि ग्राम पंचायत दो केएनजे व ग्राम पंचायत मक्कासर के सरपंचों के पास गांव की नालियों की साफ-सफाई करवाने के लिए समय नहीं है। न ही गांव की अन्य समस्याओं का समाधान हो रहा है। ग्रामीणों की ओर से फोन किया जाता है लेकिन सरपंच फोन रिसीव करना मुनासिब नहीं समझते। गांव में साफ-सफाई रखना ग्राम पंचायत की जिम्मेवारी है लेकिन यह दुर्भाग्य है कि ग्रामीणों को स्वयं नालियों की सफाई करनी पड़ रही है। दो-दो ग्राम पंचायत होने के बावजूद ग्रामीणों को समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा है। पिछले करीब चार-पांच माह से नालियां ब्लॉक पड़ी हैं। गन्दा पानी नालियों से ओवरफ्लो होकर सड़कों पर फैल रहा है। कई ग्रामीणों ने अपने घरों के आगे नालियां बंद कर रखी हैं। आम आदमी उनसे नहीं लड़ सकता। सरपंच की जिम्मेवारी बनती है कि वह ऐसे ग्रामीणों को पाबंद करे। ग्रामीण बब्बू शर्मा ने कहा कि सड़क पर पानी भरने से बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अन्य ग्रामीणों को भी आवागमन में परेशानी होती है। मच्छरों की भरमार है। बीमारियां फैलने की आशंका है। आईसीआईसीआई बैंक शाखा के आगे भी पानी भरा होने से ग्राहकों को परेशानी होती है। अन्य दुकानदारों की ग्राहकी भी प्रभावित हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए आॅनलाइन भी शिकायत दर्ज करवाई गई। जिला परिषद के अधिकारियों को भी अवगत करवाया गया लेकिन कोई हल नहीं निकला। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा को मौके पर बुलाकर अवगत करवाया है।