Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पायजेब भेज कर प्रेमी से पति की हत्या करवाई

आमिर हत्याकांड में पत्नी सुल्ताना भी गिरफ्तार, जेल भेजा
श्रीगंगानगर।
हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र के गांव मुंसरी के एक युवक आमिर(22) की बीकानेर जिले के महाजन थाना क्षेत्र में नहर में डुबोकर हत्या कर दिए जाने की घटना में एक नया खुलासा हुआ है,जिसके बाद पुलिस ने प्रेमी युवक के बाद मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया। अपने प्रेमी के साथ ता-उम्र जिंदगी बिताने का ख्वाब देखने वाली सुल्ताना (19) ने पति की हत्या करवाने के लिए अपनी चांदी की पायजेब बेच दीं, जो उसके पति ने निकाह में बड़ी हसरतों से पहनाई होंगी। महाजन में 25 फरवरी को एक युवक की नहर में गिरने से हुई मौत के मामले में यह नया खुलासा हुआ है। पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि सुल्ताना ने ही प्रेमी समीर उर्फ बिल्ला( 23)को हत्या के लिए उकसाया था। सुल्ताना ने प्रेमी से कहा कि आमिर को मार दोगे तो वे एक हो जाएंगे। समीर ने अत्याधिक शराब पिलाने के बाद आमिर को नहर में गिरा दिया। पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।दरअसल, हनुमानगढ़ के रावतसर के मुंसरी गांव में रहने वाले आमिर (22) की लाश महाजन थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर से मिली थी। पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो पता चला कि आमिर किसी दुर्घटना के चलते नहर में नहीं गिरा। उसे धक्का देकर गिरा गया है। पुलिस ने पहले समीर उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार किया। पूछताछ करने पर चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि ये उसने सुलताना के कहने पर कत्ल किया है। सुलताना (19) और समीर के बीच प्रेम प्रसंग था। समीर को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है,जबकि अब सुलताना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।सुलताना पिछले दिनों महाजन में पीहर आई हुई थी,जहां उसका समीर से प्रेम प्रसंग था। इसी बीच आमिर भी अपने ससुराल महाजन आ गया। विगत 25 फरवरी को आमिर महाजन में था। इस दौरान सुलताना नेसमीर को उकसाया। समीर, आमिर को लेकर नहर किनारे गया। वहां आमिर को धक्का देकर गिरा दिया। नहर में पानी ज्यादा था और आमिर वापस बाहर नहीं निकल पाया। उसकी मौत हो गई। कई दिनों बाद एक मार्च को शव नहर से निकाला जा सका। मृतक के परिजनों ने समीर पर हत्या का शक जाहिर किया। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ की गई।वैसे तो पायजेब को सुहाग की निशानी माना जाता है, लेकिन सुलताना ने इसी पायजेब को बेचकर प्रेमी समीर को शराब लाने के लिए रुपए दिए। समीर ने आमिर को जमकर शराब पिलाई। फिर इंदिरा गांधी नहर में धक्का देकर मार दिया।पुलिस की मानें तो आमिर सीधा सादा युवक था, जो सुलताना को पसंद नहीं आया। इसी कारण वह ससुराल के बजाय ज्यादातर पीहर महाजन में ही रहती थी। जहां उसका प्रेमी समीर से प्रेम प्रसंग शादी के बाद भी चलता रहा। आमिर और समीर दोनों बेरोजगार थे।