Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ग्राम पंचायत बनने के चार साल बाद भी नहीं बनी नालियां-सड़कें

  • बरसाती पानी घरों में घुसने से मकानों को हो रहा नुकसान
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला मुख्यालय की निकटवर्ती ग्राम पंचायत दो केएनजे को बने चार साल का समय हो गया है। बावजूद इसके अभी तक गांव विकास कार्यांे से अछूता नजर आ रहा है। सबसे बड़ी समस्या बरसाती सीजन में ग्रामीणों को उस समय होती है जब बारिश का पानी घरों में घुस जाता है। वर्तमान में भी ग्रामीणों को मानसून के मौसम में कुछ इसी समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। गत दिनों हुई बारिश का पानी घरों में घुसने से मकानों को नुकसान हुआ है। इस समस्या के कारण विवाद की स्थिति तक पैदा हो जाती है। ग्रामीणों की मानें तो गांव में अभी तक नालियों का निर्माण नहीं करवाने के कारण यह समस्या पैदा हो रही है। ग्राम पंचायत को कई बार अवगत करवाया जा चुका है लेकिन सुनवाई नहीं हुई। गांव की गलियों का हाल यह है कि यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण अनिश ने कहा कि जनप्रतिनिधि दावे करते हैं कि ग्राम पंचायतों में काफी विकास करवाए गए हैं लेकिन उनकी ग्राम पंचायत के हालात देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है क्या विकास हुआ है। पानी की निकासी की व्यवस्था न होने के कारण मोहल्लों में बने मकान गिरने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। अधिकतर घरों की दीवारों में दरारें आ चुकी हैं। महिला रीना ने कहा कि बारिश का पानी उनके घर में घुसने से बने हुए कमरे में दरारें आ चुकी हैं। कमरा पानी से भर जाता है। बारिश के मौसम से छत से पानी टपकने लगता है। घर की चारदीवारी गिर चुकी है। उसने वार्ड पंच और ग्राम पंचायत से आर्थिक मदद दिलाने की गुहार लगाई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी नहीं मिला। वह मनरेगा में मजदूरी कर अपने परिवार का गुजर-बसर कर रही है। उन्होंने मकान बनाने के लिए प्रशासन से आर्थिक मदद दिलाने की गुहार लगाई। गुरचरण सिंह ने कहा कि उनके पास रिश्तेदार भी आने से कतराने लगे हैं क्योंकि बरसाती मौसम में गांव की गलियों में पानी भरने से निकलने का रास्ता नहीं बचता। क्योंकि गलियां कच्ची हैं। वाहन निकालना तो दूर कोई पैदल भी गलियों में नहीं निकल पाता। कई दिनों तक पानी एकत्रित रहने से मच्छर पनपने से बीमारियां फैलने का अंदेशा रहता है। पानी के सड़ांध मारने से मोहल्लेवासियों का रहना दूभर हो जाता है। पानी निकासी की व्यवस्था न होने से गलियों में कीचड़ पसरा रहता है। उन्होंने पंचायत समिति प्रधान से गांव में नालियों व सड़कों का निर्माण करवा समस्या से निजात दिलाने की मांग की।