Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाने वाले को मिलेगा इनाम:राजस्थान सरकार 5 हजार रुपए और सर्टिफिकेट देगी, घायल का मुफ्त इलाज होगा; जानिए किसे देनी होगी सूचना

जयपुर

राजस्थान में आए दिन होती सड़क दुर्घटनाओं में कई लोग घायल होते हैं। घायलों की मदद के लिए आगे आने से लोग कतराते है। सभी पुलिस और सरकारी एम्बुलेंस का इंतजार करते रहते हैं। इस कारण घायलों को समय पर इलाज नहीं मिलने से जान भी चली जाती है। ऐसी स्थिति देखते हुए राजस्थान सरकार ने नई योजना शुरू की है। इस योजना में घायलों को जल्द से जल्द अपने संसाधन से हॉस्पिटल पहुंचाने वाले व्यक्तियों काे सरकार 5 हजार रुपए और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेगी।

CM अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी जीवन रक्षा योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत घायल व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति से किसी तरह की कोई पूछताछ पुलिस नहीं कर सकेगी। साथ ही मदद करने वाले व्यक्ति से हॉस्पिटल में घायल व्यक्ति के इलाज के लिए किसी तरह का कोई पैसा भी नहीं लिया जाएगा।

गंभीर स्थिति में लाने वाले व्यक्ति के लिए मिलेगी इनाम राशि

इस योजना के तहत इनाम की राशि उसी स्थिति में मिलेगी जब दुर्घटना में घायल व्यक्ति की स्थिति गंभीर हो। सामान्य घायल होने वाले व्यक्ति की मदद करने वाले को केवल प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। सरकारी एम्बुलेंस, निजी एम्बुलेंस के कर्मचारी, PCR वैन और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों और घायल व्यक्ति के सगे-संबंधियों को इस योजना के तहत इनाम राशि नहीं दी जाएगी।

CMO को देनी होगी जानकारी

घायल व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति अगर इस योजना के तहत इनाम राशि लेने का इच्छुक है तो उसे अपनी पूरी जानकारी हॉस्पिटल में तैनात कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर (CMO) को देनी होगी। वहां उस व्यक्ति को अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर और बैंक खाता संख्या देना होगा। CMO की रिपोर्ट पर ही तय होगा कि व्यक्ति गंभीर रूप से घायल था या नहीं और उसे तुरंत इलाज की जरूरत थी या नहीं? CMO ही रिपोर्ट तैयार करके डायरेक्टर (पब्लिक हेल्थ) को भिजवाएगा, इसी आधार पर पुरस्कार मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *