अजमेर
जिंदगी भर साथ देने का वादा कर आठ साल पहले लव मैरीज करने वाले बेरोजगार पति ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर पत्नी और दो बेटियों पर जानलेवा हमला किया। हमले में सात साल की बड़ी बेटी की मौत हो गई। पांच साल की छोटी बेटी और पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां छोटी बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं पत्नी जिंदगी की जंग लड़ रही है। अजमेर-ब्यावर हाईवे स्थित खरवा गांव में रहने वाले परिवार पर हमले के बाद युवक ने खुदकुशी की कोशिश की, लेकिन वो बच गया। पति-पत्नी को ब्यावर के राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय में भर्ती कराया है। पत्नी कुछ दिन से बीमार थी। इस कारण उसे ही घर के सारे काम करना पड़ते थे। बेरोजगारी ऊपर से घर की इतनी जिम्मेदारियों से वह परेशान हो गया था।
ब्यावर सदर थाना प्रभारी सुरेन्द्रसिंह जोधा ने बताया कि भवानीपुरा रोड कॉलोनी निवासी अजीत चीता ने दोपहर करीब 12 बजे अपनी पत्नी कविता (27) के गले व हाथ में चाकू के वार किए। जब वह चिल्लाई तो सात साल की मासूम बेटी अन्नू व पांच साल की एंजल भी पास आ गईं। गुस्साए अजित ने उन दोनों पर भी चाकू के वार कर दिए। इसके बाद खुद के गले व हाथ पर भी चाकू के वार कर दिए।
चिल्लाने की आवाज सुन लोग मौके पर पहुंचे तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने देखा तो मौके पर खून फैला हुआ था। सात साल अन्नू की मौत हो गई, जबकि तीनों को घायल अवस्था में उपचार के लिए ब्यावर के राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय में पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान छोटी बेटी की भी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घायल अजीत चीता
इसलिए हुआ खून सवार
जख्मी अजीत चीता ने पुलिस को बताया कि वह बेरोजगार था और आर्थिक संकट से जूझ रहा था। ऐसे में उसकी पत्नी कविता की तबीयत खराब रहती थी। उसका कुछ दिन पहले ही ऑपरेशन हुआ था। घर का सारा काम भी उसे ही करना पड़ रहा था। वो बहुत परेशान हो गया और काफी दिनों से तनाव में चल रहा था। वह चाहता था कि सभी को मार कर खुद भी आत्महत्या कर ले, इसलिए वारदात को अंजाम दे दिया।

उपचाररत मासूम बच्ची
महिला की बच्चे दानी का हुआ था ऑपरेशन
महिला ने कुछ दिन पहले ही बच्चादानी का ऑपरेशन करवाया था, जिसके बाद से महिला बिस्तर पर ही थी। घर के काम नहीं कर पाती थी। इस कारण पति को ही घर के सारे काम करने पड़ रहे थे। दोनों की 8 साल पहले लव मैरिज हुई थी।