बीकानेर. नगर निगम की ओर से करीब छह लाख की लागत से खरीदे गए दो ई फोगिंग वाहन खराब हो गए है। दो दिन से शहर में इन वाहनों से फोगिंग का काम बंद है। बताया जा रहा है कि ई वाहनों की बैट्री पुन: चार्ज नहीं होने की तकनीकी कमी के कारण इन वाहनों से फोगिंग का काम बंद पड़ा है। निगम ने इन दोनों वाहनों से 4 अक्टूबर से ही फोगिंग का काम शुरू किया था। चार दिन बाद ही इन वाहनों में तकनीकी खराबी आने पर अब निगम पार्षद ही सवाल खड़े कर रहे है। वहीं निगम के यांत्रिकी प्रभारी मुकेश कुमार के अनुसार गुरुवार सुबह आई तकनीकी खराबी के बाद दोनों को संबंधित फर्म को सौंपकर खराबी दुरस्त करवाने के आदेश दिए गए है।
कांग्रेस पार्षदों ने जताया रोष
शहर में मच्छर जनित बीमारियों के लगातार बढऩे के बाद भी निगम की ओर से फोगिंग कार्य नहीं करवाने से आक्रोशित कांग्रेस पार्षदों ने पहले निगम आयुक्त सुमन शर्मा और बाद में आयुक्त पंकज शर्मा के समक्ष रोष प्रकट किया। पार्षदों ने महज चार दिन बाद ही वाहनों के खराब होने पर कई सवाल खड़े किए। पार्षद आनन्द सिंह सोढ़ा व शांति लाल मोदी के नेतृत्व में पार्षदों ने आयुक्त के समक्ष मांग रखी कि डेंगू के शहर में लगातार बढ़ रहे प्रभाव के मद्देनजर सभी वार्डो में फोगिंग कार्य प्राथमिकता से करवाया जाए। पार्षदांे ने जिन क्षेत्रों से डेंगू रोगी अधिक आ रहे है, वहां पहले फोगिंग करवाने की मांग की। आयुक्त ने जल्द प्रभावी फोगिंग कार्य करवाने का आश्वसन दिया। इस दौरान पार्षद शिवशंकर बिस्सा, प्रफुल्ल हटीला, मनोज जनागल, परमानंद गहलोत, शहजाद भुट्टा, आजम, ताहिर, मनोज नायक सहित सुरेन्द्र डोटासरा, पूनम चंद आदि मौजूद रहे।