नई दिल्ली
भारत और चीन के बीच आपसी कारोबार इस साल रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। एक जनवरी से 30 नवंबर 2021 के बीच दोनों देशों में कुल 8.57 लाख करोड़ रुपए का कारोबार हुआ, जो पिछले पूरे साल के मुकाबले 46.4% ज्यादा है। अहम बात यह है कि इन 11 महीने में भारत ने चीन से 6.59 लाख करोड़ रु. का सामान खरीदा, जो पिछले साल के मुकाबले 49% ज्यादा है।
वहीं, चीन ने भारत से कुल 1.98 लाख करोड़ रु. का सामान खरीदा, जो पिछले साल के मुकाबले 38.5% ज्यादा है। इसके बावजूद भारत का व्यापार घाटा बढ़कर 4.61 लाख करोड़ हो गया है, जो अब तक का सर्वाधिक है। दोनों देशों के बीच रिकॉर्ड कारोबार का यह आंकड़ा दुनिया को इसलिए चौंका रहा है, क्योंकि पिछले साल से दोनों देशों के बीच एलएसी पर तनाव बढ़ा हुआ है। दोनों तरफ से 50-50 हजार से ज्यादा सैनिक तैनात हैं। यह संख्या 1962 के युद्ध के बाद सबसे ज्यादा है।