नई दिल्ली
अगले साल होने वाले 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने चुनाव प्रभारी तय कर दिए हैं। सबसे अहम उत्तर प्रदेश में धर्मेंद्र प्रधान को प्रभारी बनाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश का इस महीने दो बार दौरा भी करेंगे। उनका 14 सितंबर को अलीगढ़ यूनिवर्सिटी और 26 सितंबर को लखनऊ यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम तय है।
प्रधान के साथ 7 लोगों की टीम
उत्तर प्रदेश में धर्मेंद्र प्रधान के साथ 7 लोगों की टीम भी चुनावी तैयारियों पर काम करेगी। प्रधान के साथियों में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, कैप्टन अभिमन्यु, शोभा करंदलाजे, विवेक ठाकुर, सरोज पांडेय और अर्जुन राम मेघवाल शामिल हैं।
उत्तराखंड में चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी होंगे। इसके अलावा पंजाब का जिम्मा गजेंद्र सिंह शेखावत, गोवा का जिम्मा देवेंद्र फडणवीस और मणिपुर की जिम्मेदारी भूपेंद्र यादव को सौंपी गई है।
UP और मणिपुर में विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में JDU
JDU यूपी और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनाव में पूरे दमखम के साथ लड़ने की तैयारी कर रही है। JDU के राष्ट्रीय महासचिव अशफाक अहमद खान ने बताया था कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कुछ एजेंडे तय किए गए थे।
JDU यूपी चुनाव में पूरे दमखम के साथ उतरने की तैयारी कर रही है। अभी फिलहाल अपने सहयोगी दल से इस विषय पर बातचीत की जाएगी। हमारी तैयारी शुरू हो चुकी है।
बंगाल में भी इस महीने चुनाव
बंगाल की 3 सीटों पर भी इस महीने उपचुनाव होने हैं। इसमें भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी चुनाव लड़ने वाली हैं। इसके अलावा बंगाल के समसेरगंज, जंगीपुर में भी उपचुनाव होंगे। यहां 30 सितंबर को मतदान होगा और 3 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी।