बीकानेर
बीकानेर की महाराजा गंगा सिंह युनिवर्सिटी के साथ ही सर्वाधिक छात्र संख्या वाले डूंगर कॉलेज व एमएस कॉलेज सहित कई सरकारी व प्राइवेट कॉलेज में शुक्रवार को छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान होगा। इससे पहले गुरुवार को मतदान करवाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बीकानेर में सबसे रोचक मुकाबला डूंगर कॉलेज में होने जा रहा है, जहां नौ हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स वोट देंगे।
मतदान सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। डूंगर कॉलेज के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. इन्द्र सिंह राजपुरोहित ने बताया कि विद्यार्थियों को जयनारायण व्यास कॉलोनी वाले द्वार से प्रवेश की अनुमति रहेगी। उन्होनें कहा कि कॉलेज का फोटो पहचान पत्र विद्यार्थियों को साथ लाना आवश्यक होगा एवं किसी भी सूरत में मोबाईल फोन महाविद्यालय परिसर में वर्जित रहेगा। डॉ. राजपुरोहित ने बताया कि गुरूवार को मतपत्र की तैयारियों के लिए पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों को ट्रेनिंग दी गई है। कुल 16 मतदान केन्द्रों के लिये गठित मतदान दलों ने अपने मतदान केन्द्र संबंधी समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। कॉलेज में विद्यार्थियों के आने-जाने के लिए बैरिकेड्स लगा दिये गये हैं। विद्यार्थियों को कॉलेज का फोटो पहचान पत्र वितरण किया जावेगा, जिस के लिए विद्यार्थियों को मूल आधार कार्ड एवं कॉलेज फीस की रसीद प्रस्तुत करनी होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लिंगदोह समिति के प्रभारी डॉ. राजेन्द्र पुरोहित के नेतृत्व में गठित दल द्वारा निरंतर विद्यार्थियों को चुनाव आचार संहिता एवं लिंगदोह समिति की सिफारिशों की अक्षरशः पालना करने हेतु निर्देशित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मतगणना शनिवार 27 अगस्त को होगी जिस के लिए भी मतगणना दल का गठन कर दिया गया है।
उधर, महाराजा गंगा सिंह युनिवर्सिटी में भी मतदान के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। यहां 903 मतदाता हिस्सा लेंगे। एमएस कॉलेज, रामपुरिया कॉलेज, रामपुरिया लॉ कॉलेज, सरकारी लॉ कॉलेज, जैन गर्ल्स कॉलेज में भी चुनाव की तैयारी हो गई है। शुक्रवार को बीकानेर के छत्तरगढ़, खाजूवाला, लूणकरनसर, नोखा के कॉलेज में भी मतदान होंगे। वहीं बेसिक कॉलेज व बिन्नाणी कॉलेज में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।