पटना
यूक्रेन और रूस के बीच जंग जारी है। इस बीच वहां फंसे भारतीयों की वापसी का अभियान तेजी से चल रहा है। भारतीय दूतावास की मदद से यूक्रेन में रहने वाले लोगों को वापस लाया जा रहा है। इसके लिए विमान कंपनियां उड़ानें संचालित कर रहीं हैं।
रविवार की सुबह यूक्रेन में फंसे बिहारी छात्रों का दो दल अलग अलग विमान से पटना एयरपोर्ट पहुँचा। स्पाइस जेट की दिल्ली के विमान से सात छात्र जबकि मुंबई से एयर इंडिया की फ्लाइट से पांच बिहारी छात्र आये हैं। सभी छात्र भारतीय दूतावास की मदद से रोमानिया बॉर्डर पार कर पहले रोमानिया पहुँचे। चेरनवित्सी से रोमानिया की दूरी 40 किमी है।
पटना पहुंचे छात्रों ने बताया कि रास्ते में जगह जगह लाशें बिखरी थीं और रूसी सेना की कार्रवाई के बाद नजारा वीभत्स था। बम बारूद की गंध से हवा में सांस लेना मुश्किल था। छात्रों ने दहशत की अलग अलग कहानी बयां की है। घर वापसी पर केंद्र और बिहार सरकार के प्रति छात्रों ने आभार जताया। पटना में जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने यूक्रेन से लौटे बिहारी छात्रों से मुलाकात की और उनकी सहायता की।