Thursday, July 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जनता की नब्ज पकड़ने की कोशिश में आम आदमी पार्टी, राजस्थान में स्थानीय नेताओं से लेकर मुद्दों तक कर रही बात

उदयपुर।

आम आदमी पार्टी ने राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। राजस्थान के चुनाव प्रभारी एवं दिल्ली के द्वारका से विधायक विनय मिश्रा इस वक्त संभागों के दौरे पर हैं और उन जगहों पर जाकर वह ऐसे स्थानीय मुद्दे उठा रहे हैं, जो सीधे तौर पर जनता से जुड़े हुए हैं। इसके साथ ही मिश्रा गहलोत या मोदी सरकार की जगह स्थानीय नेताओं पर हमला बोल रहे हैं।

मिश्रा भाजपा और कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दिल्ली और पंजाब की तरह ईमानदार और जनता की सरकार देने का वादा कर रहे हैं। मिश्रा ने पहले भरतपुर संभाग में करौली के दंगों का मुद्दा उठाते हुए भाजपा पर हमला बोला। इसी तरह उदयपुर संभाग की बैठक में चालीस साल से चल रहे हाईकोर्ट बेंच की मांग का मुद्दा उठाते हुए भाजपा-कांग्रेस, मेवाड़ के नेता गुलाबचंद कटारिया व कांग्रेस नेता सीपी जोशी को कठघरे में खड़ा कर दिया।

उदयपुर में आम आदमी पार्टी के राजस्थान चुनाव प्रभारी विनय मिश्रा का पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने इन कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और पार्टी के सदस्यता अभियान को आगे ले जाने की बात कही। मिश्रा ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर नेता लड़ रहे हैं। कांग्रेस में पायलट और गहलोत, भाजपा में वसुंधरा राजे, गजेंद्र सिंह शेखावत, सतीश पूनिया के बीच पद को लेकर लड़ाई जगजाहिर है। लेकिन राजस्थान में जनता के लिए लड़ने वाला कोई नहीं है। लोगों के पास विकल्प नहीं होने से यहां एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा की सरकार बनती आ रही है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। आम आदमी पार्टी अब राजस्थान को नया विकल्प चुनने का मौका देगी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने संभाग स्तरीय दौरे शुरू किए हैं। इसके बाद 200 विधानसभाओं में 800 से ज्यादा मीटिंग की जाएंगी। कार्यकर्ताओं को विधानसभावार प्रशिक्षण दिया जाएगा और सर्कल इंचार्ज बनाए जाएंगे।