श्रीगंगानगर। एक नशेड़ी युवक जमानत पर जेल से छूटने के बाद नशे की पूर्ति के लिए राहगीरों के मोबाइल फोन छीनने की घटनाएं करने लगा। कोतवाली पुलिस ने आज इस युवक को गिरफ्तार कर लिया। वारदातों में शामिल उसके दूसरे साथी की पहचान कर ली गई है, जो कि अभी फरार है। कोतवाली अधीन सेतिया कॉलोनी पुलिस चौकी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर पवन ने बताया कि सरस्वती नगर निवासी रोहित ब्राह्मण (23) को गिरफ्तार किया गया है। सेतिया कॉलोनी की गली नंबर एक निवासी मनोज का मोबाइल फोन छीनने की वारदात में गिरफ्तार किए गए रोहित से पूछताछ करने पर उसके सहयोगी की पहचान हो गई है, जो कि पुरानी आबादी में मियों का मोहल्ला निवासी फौजी नामक युवक है। सब इंस्पेक्टर पवन के मुताबिक मनोज विगत 6 अगस्त की शाम को हरमिलापी कॉलोनी में मोबाइल फोन पर बात करते हो जा रहा था। मोटरसाइकिल पर सवार रोहित और फौजी ने झपट्टा मारकर मोबाइल फोन छीन लिया। रोहित से मनोज का मोबाइल फोन बरामद हो गया है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि रोहित अत्याधिक नशा करने का आदी है। वह लगभग 4 वर्ष पहले अवैध रूप से नशीला पदार्थ चिट्टा रखने के आरोप में पकड़ा गया थाऋ 4 महीने पहले उसकी जमानत हुई है। जेल से बाहर आने के बाद मनोज का मोबाइल फोन छीनने से पहले वह दो-तीन मोबाइल फोन छीनने की दो और वारदातें कर चुका है। एक वारदात जवाहरनगर थाना क्षेत्र में अंजाम दी थी। आज उसे अदालत में पेश करने पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।