Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जयपुर नगर निगम ग्रेटर की साधारण सभा 26 को

जयपुर

जयपुर नगर निगम ग्रेटर की साधारण सभा 26 मई को बुलाई है। मेयर सौम्या गुर्जर की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के बाद नगर निगम कमीश्नर ने बोर्ड बैठक का एजेण्डा जारी करते हुए इसकी सूचना बोर्ड के सदस्यों भिजवाई है। पिछले महीने अप्रैल में तत्कालीन निगम आयुक्त यज्ञमित्र सिंह और निगम के सभी अधिकारियों ने बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर दिया था। इस कारण मेयर को बीच में ही सदन को स्थगित करना पड़ा था, जिसके कारण कई एजेण्डा पर न तो चर्चा हो सकी थी और न ही वे पास हुए थे। इन शेष रहे प्रस्तावों पर चर्चा और उनको पास करवाने के लिए मेयर ने बैठक को दाेबारा बुलाया है।

आपको बता दें कि अप्रैल में जब साधारण सभा हुई थी तब मेयर ने इस बैठक को दो दिन चलाने का विचार किया था, ताकि एक-एक पार्षद के समस्याओं को सुना जा सके। लेकिन इस बीच सदन में आयुक्त यज्ञमित्र सिंह के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने के बाद आयुक्त समेत तमाम अधिकारियों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया था और सदन से वॉकआउट कर गए थे। अगले दिन मेयर ने दोबारा बैठक कॉल भी की, लेकिन अधिकारियों-कर्मचारियों की पैन डाउन हड़ताल के कारण बैठक नहीं हो सकी थी।