जयपुर
जयपुर में ओमिक्रॉन के 4 और मरीज मिले हैं। इसी के साथ राजस्थान में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या 13 हो गई है। राजस्थान देश का दूसरा ऐसा राज्य बन गया है, जहां नए वैरिएंट के सबसे ज्यादा मरीज हैं। 18 मरीजों के साथ महाराष्ट्र पहले नंबर पर है। पूरे देश में 42 मरीज नए वैरिएंट के मिल चुके हैं।
जयपुर के लिए राहत की बात यह है कि पूर्व में मिले 9 मरीजों की रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। इनमें से किसी में भी लक्षण नहीं थे। नए मिले 4 पॉजिटिव लोग वही हैं, जो पिछले दिनों दक्षिण अफ्रीका से लौट कर आए परिवार के संपर्क में आए थे।
सीएमएचओ डॉ. नरोत्तम शर्मा ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका से लौटे परिवार के 4 सदस्यों के अलावा इनके संपर्क में आदर्श नगर जनता कॉलोनी का एक परिवार भी संपर्क में आया था। इसमें 5 लोग पहले ओमिक्रॉन संक्रमित मिल चुके थे। शेष 4 लोगों की रिपोर्ट और पॉजिटिव मिली है। इन संदिग्ध लोगों को पिछले दिनों आरयूएचएस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था।