जयपुर
राजस्थान के खिलाड़ियों का लंबा इंतजार आज खत्म हो जाएगा है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बैडमिंटन हॉल राजस्थान रिहैबिलिटेशन हाई परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स एंड ट्रेनिंग सेंटर और हॉकी एस्ट्रोटर्फ का उद्घाटन करेंगे। वहीं 29 अगस्त से शुरू होने वाले ग्रामीण ओलंपिक खेलों की मशाल को भी रवाना किया जाएगा। इस दौरान CM गहलोत खिलाड़ियों से संवाद भी करेंगे।
खेल मंत्री अशोक चांदना ने बताया कि जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के ट्रेनिंग सेंटर और एस्ट्रो टर्फ को विकसित किया है। जहां प्रैक्टिस कर राजस्थान के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान की स्पोर्ट्स पॉलिसी लगातार खिलाड़ियों के हित में अपडेट हो रही है। यही कारण है कि प्रदेश के खिलाड़ी न सिर्फ राष्ट्रीय बल्कि, अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भी प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
चांदना ने बताया कि राजस्थान में ग्रामीण ओलंपिक अपने आप में ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा। जो आपसे पहले पूरे विश्व में नहीं हुआ है। इस ओलंपिक में शहरों के साथ ही गांव ढाणी स्तर के 30 लाख से ज्यादा खिलाड़ी शामिल होंगे। जहां बेहतर खेल दिखाने वाले खिलाड़ियों को आगे मंच दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खिलाड़ियों के बीच होंगे। जहां प्रदेश की खेल नीति पर भी चर्चा की जाएगी। मुझे उम्मीद है कि राजस्थान के खिलाड़ियों के हित में जो भी फैसला लेना होगा मुख्यमंत्री जरूर और जल्दी लेंगे।