Saturday, April 25निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जयपुर में ज्वेलर पर गोलियां चलाने वाले हार्डकोर बदमाश:हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं फोटो, पुलिस 65 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं कर पाई

जयपुर. 2 हिस्ट्रीशीटर आते हैं और एक ज्वेलर के घर में घुसकर उसपर फायरिंग करते हैं। ज्वेलर के पैर में गोली लग जाती है। इसके बाद दोनों बदमाश बड़े ही आराम से फरार हो जाते हैं। यह मामला राजस्थान के किसी पिछले जिले के ग्रामीण इलाके का नहीं है। जयपुर शहर का मामला है। घटना के 65 घंटे बाद भी जयपुर पुलिस सीकर, दिल्ली-हरियाणा की खाक छान रही है। दोनों बदमाशों की पहचान होने के बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

30 जुलाई की शाम विद्याधर नगर स्थित सन साइन सिद्धार्थ बिल्डिंग में ज्वेलर नवीन सोनी की जान लेने का प्रयास किया गया था। श्रीमाधोपुर का रहने वाला राहुल यादव और जमवारामगढ़ (जयपुर) के रहने वाले देवा ने इस वारदात को अंजाम दिया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद यह जानकारी सामने आई है। उधर, डॉक्टरों ने नवीन के पैर से गोली निकाल दी है। सीकर रोड स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है।

अब तक की जांच में सामने आया है कि श्रीमाधोपुर के लिसाडिया कस्बे में रहने वाले राकेश यादव के कहने पर दोनों बदमाशों ने नवीन पर फायरिंग की थी। फायरिंग करने वाला राहुल यादव, राकेश यादव का भतीजा है। दोनों श्रीमाधोपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं। तीनों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें कई जगहों पर दबिश दे रही है। वहीं, सीकर पुलिस से जयपुर पुलिस ने इन बदमाशों को पकड़ने में मदद मांगी है।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर कैलाश बिश्नोई ने बताया- मामले की गम्भीरता को देखते हुए सीएसटी की टीमों को भी बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाया गया है। तीनों बदमाशों के सम्भावित ठिकानों पर निरंतर दबिश दी जा रही हैं। इसके लिए संबंधित जिला पुलिस की भी मदद ली जा रही है। राकेश और राहुल यादव दोनों ही हार्डकोर क्रिमिनल हैं। इनके पुराने रिकॉर्ड को अन्य जिलों की पुलिस से मांगा गया हैं।