जयपुर. लाल डायरी और बीजेपी विधायक मदन दिलावर के निलंबन के मुद्दे पर विधानसभा में शून्य काल के दौरान भाजपा विधायकों ने हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष के लाल डायरी का जिक्र करते ही हंगामा हो गया। हंगामा के कारण दो बार स्पीकर को सदन की कार्यवाही आधे-आधे घंटे के लिए स्थगित करनी पड़ी। तीसरी बार अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। पहली बार 12 बजकर 9 मिनट और दूसरी बार 1 बजकर 3 मिनट पर सदन की कार्यवाही को आधे-आधे घंटे के लिए स्थगित किया गया। बीजेपी विधायकों ने वेल में आकर नारेबाजी की।
1:33 बजे तीसरी बार सदन जुटने के बाद भी बीजेपी विधायकों ने वेल में आकर नारेबाजी जारी रखी। बीजेपी विधायकों के हंगामा करने और नारेबाजी के बीच सदन में महज 23 मिनट में 5 बिल पारित कर दिए गए। पांच बिल पारित करने के बाद सदन की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। मौजूदा 15वीं विधानसभा की कार्यवाही का आज आखिरी दिन था। इसके बाद अब नई सरकार बनने के बाद ही जनवरी में सत्र बुलाया जाएगा।
इससे पहले हंगामा की शुरुआत नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के स्थगन प्रस्ताव से मामला उठाने के दौरान लाल डायरी का जिक्र करने पर हुई। राजेंद्र राठौड़ ने बीजेपी विधायक मदन दिलावर के निलंबन को वापस लेने की मांग करते हुए लाल डायरी से उठ रहे सवालों का जिक्र किया। लाल डायरी छीनने का आरोप लगाया तो हंगामा हो गया। जलदाय मंत्री महेश जोशी, संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राठौड़ के मामला उठाते ही कड़ी आपत्ति की।