Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जरूरतमंदों के लिए उपलब्ध रहेगी व्हील चेयर

  • हॉस्पिटल में व्हील चेयर बैंक की स्थापना
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    रोटरी क्लब हनुमानगढ़ सिटी की ओर से शुक्रवार को टाउन के श्री कान्हाराम मैमोरियल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में व्हील चेयर बैंक की स्थापना की गई। यहां से कोई भी व्यक्ति जरूरत के समय व्हील चेयर नि:शुल्क ले सकता है। इस मौके पर रोटरी क्लब अध्यक्ष पुरुषोत्तम बंसल ने बताया कि व्हील चेयर बैंक की स्थापना पूर्व डिस्ट्रिक्ट गर्वनर प्रवीण जिन्दल की प्रेरणा व सहयोग से की गई है। उन्होंने बताया कि व्हील चेयर बैंक की स्थापना करने का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद व बीमार व्यक्ति की सहायता करना है। इस प्रोजेक्ट का प्रोजेक्ट चेयरमैन डॉ. प्रदीप सहारण को नियुक्त किया गया है। इन्हीं की देखरेख में कोई भी व्यक्ति जरूरत के समय पर व्हील चेयर नि:शुल्क ले सकता है। प्रोजेक्ट चेयरमैन डॉ. प्रदीप सहारण ने बताया कि यहां से व्हील चेयर प्राप्त करने के लिए क्लब की ओर से सरल प्रक्रिया रखी गई है। आईडी प्रूफ व नाममात्र की धरोहर राशि देकर व्हील चेयर प्राप्त की जा सकती है। व्हील चेयर वापस जमा करवाते समय धरोहर राशि भी लौटाई जाएगी। धरोहर राशि लेने का मुख्य उद्देश्य जिम्मेवारी से व्हील चेयर को पुन: बैंक में जमा करवाना है ताकि व्यक्ति को इसकी अहमियत का पता चले। साथ ही अन्य जरूरतमंद व्यक्ति भी इस व्हील चेयर का लाभ ले सके। उन्होंने बताया कि कोई व्यक्ति अगर धरोहर राशि जमा नहीं करवा सकता तो किसी गारंटर के माध्यम से भी व्हील चेयर उपलब्ध करवा दी जाएगी। क्लब सचिव अमित गोयल ने बताया कि यह अभियान निरतंर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब आमजन की पीड़ा को समझता है। उनकी पीड़ा कम करने के लिए ऐसे प्रोजेक्ट से सहायता भी करता है। इस मौके पर क्लब कोषाध्यक्ष अमन गुप्ता, क्लब एडवाइजर आदित्य गुप्ता, मीडिया प्रभारी भारतेंदु सैनी, गोविंद लड्ढा, दिनेश बंसल, प्रखर मिड्ढा आदि मौजूद थे।