Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जिला परिषद कार्यालय में जलाया सरपंच का पुतला

  • सरपंच पुत्र पर लगाया धक्काशाही करने का आरोप
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    सरपंच पुत्र पर धक्काशाही करने का आरोप लगाते हुए ग्राम पंचायत दो केएनजे के ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला परिषद कार्यालय में सरपंच जीवणीदेवी का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर रोष प्रकट किया। पुतला दहन के बाद ग्रामीणों ने जिला परिषद सीईओ को ज्ञापन सौंप गांव की गली में हुई अतिक्रमण को हटवा नाली व सड़क का निर्माण करवाने की मांग रखी। ग्राम पंचायत दो केएनजे आबादी, आईटीआई कॉलोनी, वार्ड 4 व 6 निवासी दर्शनसिंह, सतपाल सिंह व मदन सिहाग ने बताया कि वार्ड 4 से लेकर वार्ड 6, आईटीआई कॉलोनी में ग्राम पंचायत की ओर से पक्की नाली का निर्माण कर इंटरलॉकिंग का कार्य करवाया जा रहा है। आईटीआई कॉलोनी के रहने वाले मुकेश मण्डल, मनजिन्द्र मण्डल पुत्र भानू मण्डल ने गली में बाथरुम, छपरा बनाकर एवं दीवार निकालकर अतिक्रमण कर रखा है। इस कारण यह रोड सही नहीं बन रही। इस संबंध में ग्रामीणों ने सरपंच जीवणीदेवी को अवगत करवाया परंतु समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत सरपंच व सरपंच पुत्र की इन लोगों के साथ मिलीभगत के कारण अवगत करवाने पर भी अतिक्रमण नहीं हटवाया जा रहा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मोहल्ले में रहने वाले बलदेव सिंह, पालासिंह, जोगेन्द्रसिंह, गांधी, मोनू व कुछ महिलाओं ने मौके पर आए सरपंच पुत्र रतन धवल के समक्ष मांग रखी कि गली में किया गया अतिक्रमण हटवाया जाए। साथ ही गली में इंटरलॉकिंग कार्य सही तरीके से करवाने की बात रखी। इस पर रतन धवल, रणजीत पुत्र बिन्देश्वर, विनोद खाती उन्हें गालियां निकालने लगे। साथ ही कहा कि यह कार्य तो ऐसे ही होगा। किसी ने बीच में बोलने की कोशिश की तो अच्छा नहीं होगा। यह लोग बलदेव सिंह के साथ हाथापाई करने पर उतारु हो गए और धमकी दी कि किसी ने इस कार्य के खिलाफ कार्यवाही करवाने की कोशिश की या कार्य बंद करवाने का प्रयास किया तो ऐसा हाल करेंगे कि क्या याद रखोगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच, सरपंच पुत्र की ओर से मिलीभगती कर गली में नाजायज कार्य किया जा रहा है एवं गुंडागर्दी की जा रही है। कार्य रोकने पर धमकियां दी जाती हैं। ग्रामीणों ने नाजायज निर्माण कार्य रुकवाने की मांग जिला परिषद सीईओ से की। इस पर सीईओ ने कमेटी गठित कर जांच करवाने के लिए ग्रामीणों को आश्वस्त किया।