रात के अंधेरे में गोवंश की तस्करी, ग्रामीणों ने चार जनों को पकड़ा
by seemasandesh
पुलिस के किया हवाले, दो गाड़ियों में भरे करीब 30 गोवंश करवाए मुक्त हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। रात के अंधेरे में गोवंश की तस्करी करते चार जने बुधवार देर रात गांव हिरनावाली के ग्रामीणों व गोसेवकों के हत्थे चढ़ गए। ग्रामीणों व गोसेवकों ने इसकी सूचना जंक्शन पुलिस को दी। पुलिस मौके से चार जनों को पकड़कर अपने साथ थाना ले गई। साथ ही पिकअप गाड़ी व कैंटर में भरे गोवंश को मुक्त करवा दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। गोसेवा दल के विजय जांगिड़ ने बताया कि बुधवार-गुरुवार रात करीब दो बजे सूचना मिली कि गांव हिरनावाली में पंजाब राज्य से आए हुए लोग गोवंश को पकड़ रहे हैं। इसमें गांव के ही चार-पांच जने सहयोग कर रहे हैं। संभावना है कि वे गोवंश को बूचड़खाने ले जा रहे हैं। सूचना मिलने पर वे गांव हिरनावाली पहुंचे और गोवंश से भरी पिकअप गाड़ी रूकवा जंक्शन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच चार जनों को पकड़ गोवंश को गांव में मुक्त करवाया। इससे पहले उनके पहुंचने पर पिकअप गाड़ी में लदे दो-तीन गोवंश चलती गाड़ी से नीचे गिर गए थे। उन्होंने कहा कि आज जिले भर के हर गांव में निराश्रित गोवंश घूम रहा है। अगर किसी को उनसे परेशानी है तो गोवंश को गोशाला में छोड़ा जा सकता है। इस तरह रात के अंधेरे में गोवंश को ठूंस-ठूंस कर गाड़ियों में भरकर नहीं ले जाना चाहिए। जांगिड़ ने बताया कि जब उन्होंने पकड़े गए लोगों से पूछा तो उन्होंने जानकारी दी कि गांव के ही कुछ लोगों ने गोवंश ले जाने के लिए पैसे दिए हैं। साथ ही कहा है कि वे इन्हें कहीं भी ले जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि करीब छह माह पहले भी इस तरह गांव से गोवंश को अन्यत्र भिजवाया गया था। गांव हिरनावाली के संजय ने बताया कि वह बुधवार रात्रि को गांव में हो रहे जागरण में थे। जब वे देर रात खेत जाने के लिए निकले तो उन्हें रास्ते में लाइट बंद कर पंजाब नम्बर की दो गाड़ियां एक कैंटर व एक पिकअप जाती नजर आई। शक होने पर दोनों गाड़ियों का पीछा किया तो उसमें सवार लोग वाहनों को गांव चिश्तियां की तरफ भगाकर ले गए। इसके बाद उक्त दोनों गाड़ियां भगाकर वापस हिरनावाली गांव की तरफ ले गए। दोनों गाड़ियों में करीब 30 गोवंश थे। गांव हिरनावाली में घुसते ही इन लोगों ने दोनों गाड़ियों का डाला खोला और जबरन गोवंश को नीचे फेंकने लगे। इससे कई गोवंश के चोटें भी लगी। उन्होंने मौके पर दोनों गाड़ियों को रूकवा इनमें सवार चार जनों को पकड़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच चारों जनों को पकड़ थाना ले गई। साथ ही दोनों गाड़ियां जब्त कर ली। संभावना है कि गोवंश की तस्करी की जा रही थी।