माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के लिए जागरूक करती है फिल्म हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर जिले भर में सोमवार को फिल्म पैडमैन का निशुल्क प्रसारण किया गया। जिला मुख्यालय पर कलक्ट्रेट सभागार, ब्लॉक मुख्यालय और ग्राम पंचायत मुख्यालय पर राजीव गांधी सेवा केन्द्र में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक फिल्म का निशुल्क प्रसारण किया गया। कलक्ट्रेट सभागार में फिल्म पैडमैन का प्रसारण जिला कलक्टर नथमल डिडेल सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिन, साथिन ने देखा। जिला मुख्यालय पर शिव मंदिर सिनेमा में सोमवार शाम 6 से 9 सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सेवी संस्थाओं को यह फिल्म निशुल्क दिखाई जाएगी। इस मौके पर जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने बताया कि महिला अधिकारिता निदेशालय जयपुर के निर्देशानुसार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के लिए जागरूक करने वाली फिल्म पैडमैन का प्रदर्शन किया गया। इस फिल्म को दिखाए जाने का उद्देश्य उड़ान योजना के प्रति लोगों व महिलाओं में जागरूकता लाना है। सेनेटरी नेपकिन के इस्तेमाल के प्रति महिलाओं को प्रेरित करना है। इस फिल्म शो के माध्यम से महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकेंगी।