Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जेट एयरवेज की उड़ान फाइनल:2022 में अप्रैल-जून के बीच शुरू करेगी ऑपरेशन, जून में मिली थी NCLT की मंजूरी

मुंबई

आसमान से जमीन पर आ चुकी जेट एयरवेज एक बार फिर से उड़ान भरने की तैयारी में है। 2022 में अप्रैल से जून के बीच यह कंपनी फिर से उड़ान भर सकती है। कंपनी के नए मैनेजमेंट जालान कारलॉक कंसोर्टियम ने इस तरह की उम्मीद जताई है। उधर, कंपनी का शेयर स्टॉक एक्सचेंज पर 4.97 पर्सेंट की बढ़त के साथ 83 रुपए पर पहुंच गया। इसका यह अपर सर्किट का बैंड है।

कंपनी ने जारी किया बयान

इस नए कंसोर्टियम ने सोमवार को एक प्रेस बयान जारी किया। इसमें कंपनी ने कहा कि एयर ऑपरेटर सर्टिफिकेट (AOC) के साथ उसकी प्रक्रिया जारी है। इस प्रक्रिया में रीवैलिडेशन किया जाना है। कंसोर्टियम संबंधित अथॉरिटी के साथ बात कर रहा है। इसमें एयरपोर्ट पर स्लॉट अलोकेशन, जरूरी एयरपोर्ट इंफ्रा और रात की पार्किंग आदि के मामले शामिल हैं।

जेट 2.0 में सुधीर गौर होंगे सीईओ

जेट 2.0 ऑपरेशन के लिए जालान कालरॉक कंसोर्टियम ने कैप्टन सुधीर गौर को नियुक्त किया है। सुधीर गौर एक्टिंग सीईओ होंगे। उन्होंने पिछले महीने देश के प्रमुख एयरपोर्ट का दौरा किया था और वहां की अथॉरिटी के साथ मीटिंग की थी। जालान कालरॉक कंसोर्टियम के लीड मेंबर मुरारीलाल जालान ने बताया कि हमें जून 2021 में NCLT की मंजूरी मिली थी। तब से हम सभी संबंधित अथॉरिटी के साथ बात कर रहे हैं।

3 और 5 साल की परफेक्ट योजना

उन्होंने कहा कि 3 और पांच साल वाली योजना बहुत ही परफेक्ट योजना है। यह बिजनेस की कम और लंबे समय की योजना है। एयरक्राफ्ट को लंबे समय के लीज के आधार पर चुना गया है। उन्होंने कहा कि यह एविएशन इतिहास में पहली बार हो रहा है कि कोई कंपनी 2 साल तक जमीन पर रहे और फिर से वह उड़ान भरे। हम इस ऐतिहासिक पार्ट का हिस्सा बन रहे हैं।

लॉयल्टी बेस ब्रांड है जेट

जालान ने कहा कि जेट एयरवेज का ब्रांड एक बहुत बड़ा लॉयल्टी बेस ब्रांड है। हम इसे कैपिटलाइज करने में सक्षम होंगे और एक नया बेंचमार्क स्थापित करेंगे। हम जेट एयरवेज के सभी मेहमानों के लिए यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उनकी पसंदीदा एयरलाइन एक बार फिर से उड़ान भरेगी।

NCLT की ओर से मंजूरी मिली है

जेट एयरवेज के लिए रिवाइवल प्लान को NCLT की ओर से मंजूरी मिली है। आने वाले महीने में जेट के सभी कर्जदारों का पैसा भी चुकाया जाएगा। कैप्टन सुधीर गौर ने कहा कि जेट एयरवेज पिछले 20 सालों में एक मजबूत ब्रांड बनकर उभरा है। नए अवतार में जेट एयरवेज का मुख्यालय अब मुंबई की बजाय दिल्ली होगा। इसका कॉर्पोरेट ऑफिस गुरुग्राम में होगा जहां से इसके सीनियर मैनेजमेंट काम देखेंगे। हालांकि मुंबई में इसकी मौजूदगी मजबूत बनी रहेगी। मुंबई के कुर्ला इलाके में इसकी ग्लोबल वन ऑफिस होगी।

ट्रेनिंग सेंटर मुंबई के ग्लोबल वन में होगा

जेट एयरवेज का ट्रेनिंग सेंटर इसी ग्लोबल वन में होगा। कंपनी जेट एयरवेज की टीम के लिए इन हाउस ही ट्रेनिंग सेंटर चलाएगी। जेट एयरवेज ने पहले ही 150 से ज्यादा कर्मचारियों की नियुक्ति की है। अगले साल मार्च तक कंपनी एक हजार कर्मचारियों की नियुक्ति करेगी। नियुक्तियां चरणबद्ध तरीके से होंगी। इसकी पहली फ्लाइट नई दिल्ली से मुंबई के बीच चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *