मुंबई
जैकलिन फर्नांडिस दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा को सुकेश चंद्र से जुड़े 200 करोड़ की ठगी के मामले में कई सवालों के जवाब नहीं दे पाईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनसे फिर से पूछताछ की जाएगी। खबरें थीं कि जैक्लिन को सुकेश ने 5.71 करोड़ रुपये के तोहफे दिए थे। इनमें अरबी घोड़ा, पर्शियन बिल्लियां, इम्पोर्टेड क्रॉकरी सेट सहित डायमंड जूलरी भी शामिल हैं। जैकलिन ही नहीं इस मामले में नोरा फतेही से भी पूछताछ की जा रही है। जानते हैं सुकेश ने आखिर क्यों इन लोगों को अपना शिकार बनाया।
जैकलिन और सुकेश की किस वाली सेल्फीज वायरल होने के बाद लोगों को यकीन होने लगा है कि जैकलिन और सुकेश डेटिंग कर रहे थे। रिपोर्ट्स थीं कि जैकलिन को सुकेश ने 52 लाख का अरबी घोड़ा, इम्पोर्टेड क्रॉकरी सेट, 9-9 लाख की 3 पर्शियन बिल्लियां और कई महंगे गिफ्ट दिए हैं। अगर आप जैकलिन का इंस्टाग्राम चेक करेंगे तो 7 फरवरी 2021 के एक पोस्ट में उन्होंने घोड़ा, बिल्लियां, क्रॉकरी और फूल सारे फोटोज एक साथ लगाए हैं। सोशल मीडिया पर चर्चा थी कि ये तस्वीरें सुकेश के दिए हुए गिफ्ट्स की ही हैं।
रिपोर्ट्स हैं कि जैकलिन और सुकेश के बीच बातचीत जनवरी 2021 में शुरू हुई थी। ईडी को दोनों के बीच कई कॉल्स की डिटेल मिली है। हैरानी वाली बात ये है कि सुकेश ने सारा खेल जेल से रचा। वह ठगी के केस में 2017 से तिहाड़ जेल में है। उसने वहां से भी अपना गोरखधंधा चालू रखा। जेल अधिकारियों और कुछ कैदियों की मदद से वह जेल से ठगी का खेल करता रहा। जैकलिन को जेल से गिफ्ट भेजकर उन्हें फोन पर मीठी बातों में फंसाया। इसके बाद परोल पर रिहा होने के बाद वह जैकलिन से मिलने भी गया।