रायसिंहनगर (सीमा सन्देश)। जैतसर में 758 करोड़ की लागत से स्थापित किये जा रहे सौर ऊर्जा संयंत्र के निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। लगभग 340 हेक्टयेर भूमि पर स्थापित किये जा रहे इस संयंत्र से 160 मेगावाट विद्युत का उत्पादन होगा। इस संयंत्र की स्थापना का काम पूरा होने के बाद अगले माह जुलाई के अंत में इससे उत्पादन शुरू होने की सम्भावना है। बताया जाता है कि इससे बनने वाली 160 मेगावाट बिजली में से 80 मेगावाट श्रीबिजयनगर क्षेत्र तथा 80 मेगावाट रायसिंहनगर क्षेत्र को मिलेगी। इससे रायसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र सर्वाधिक लाभान्वित होगा। इस संयंत्र के शुरू होने से इस इलाके की बिजली कटौती की समस्या का समाधान हो जाएगा। संयंत्र से 25 सालों तक विद्युत उत्पादन होगा। सोमवार को सांसद निहालचन्द मेघवाल ने इस सौर ऊर्जा संयंत्र के कार्य का निरीक्षण किया। इस अवसर पर इस प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों ने सांसद का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। निहालचन्द ने इस अवसर पर कहा कि सौर ऊर्जा से विद्युत उत्पादन केन्द्र सरकार का एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिलेगा, इलाके की बिजली कटौती की समस्या समाप्त हो जाएगी और इससे यहां उद्योगपति नये उद्योग लगाने के लिए आकर्षित होंगे। निहालचन्द के साथ इस अवसर पर भाजपा के कई कार्यकर्ता भी थे।
अब तक 6.70 लाख सौर ऊर्जा प्लेट स्थापित
एनटीपीसी के महाप्रबंधक अखिलेश गर्ग ने बताया कि इस परियोजना से क्षेत्र के आसपास के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध होगा। पूरे क्षेत्र के लोगों को बिजली कटौती से राहत मिलेगी। परियोजना प्रबंधक राजीव गुप्ता ने बताया कि अभी तक संयंत्र की स्थापना के कार्य के अंतर्गत 6.70 लाख सौर ऊर्जा प्लेटों की स्थापना की जा चुकी है। प्रत्येक प्लेट की क्षमता 335 वॉट की है।