नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलियन ओपन में इस बार सर्बिया के नोवाक जोकोविच का जादू देखने को नहीं मिलेगा। कोरोना वैक्सीन को लेकर विवाद के बाद जोकोविच का वीजा रद्द कर दिया गया था। इसके खिलाफ उन्होंने कोर्ट में अपील की थी, लेकिन उन्हें जीत नहीं मिली। कोर्ट ने अपील को खारिज कर दिया। इस तरह अब टेनिस के ‘बिग थ्री’ रोजर फेडरर, नोवाक जोकोविच और राफेल नडाल में से दो खिलाड़ी ऑस्ट्रेलियन ओपन में इस बार नहीं खेलेंगे। जोकोविच और फेडरर के नहीं होने से ‘बिग थ्री’ के वर्चस्व को बरकरार रखने की जिम्मेदारी राफेल नडाल के ऊपर है।
ऑस्ट्रेलियन ओपन में ‘बिग थ्री’ की बादशाहत की शुरुआत स्विट्जरलैंड के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने की थी। वे पहली बार 2004 में यहां चैंपियन बने थे। उन्होंने फाइनल मुकाबले में रूस के मराट साफिन को हराया था। 2004 में चैंपियन बनने के बाद फेडरर ने 2006, 2007, 2010, 2017 और 2018 में इस खिताब को अपने नाम किया था।