नई दिल्ली
देश-दुनिया में भारत का खूब नाम रोशन करने वाले गूंगा पहलवान उर्फ वीरेंद्र सिंह के ट्वीट पर हरियाणा सरकार की तरफ से जवाब दिया गया है। वीरेन्द्र ने ट्वीट कर मांग की थी कि उनके जैसे खिलाड़ियों को पैरा एथलीट की दर्जा दिया जाना चाहिए और उसी हिसाब से उन्हें सरकारी मदद भी दी जानी चाहिए। इसके बाद हरियाणा के खेल निदेशक पंकज नैन ने बताया है कि वीरेन्द्र को पहले ही 1.20 करोड़ का पुरस्कार दिया जा चुका है। वो पहले ही राज्य के खेल विभाग में नौकरी कर रहे हैं और उन्हें ग्रुप बी की नौकरी की पेशकश भी की गई थी, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया है।
वीरेन्द्र ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा था “माननीय मुख्यमंत्री जी क्या मैं पाकिस्तान से हूं, कब बनेगी कमेटी, कब मिलेंगे समान अधिकार। माननीय प्रधानमंत्री जी जब मैं आपसे मिला आपने ही कहा था, हम आपके साथ अन्याय नहीं होने देंगे अब आप ही देख लो।” इसके साथ ही उन्होंने अपनी एक फोटो शेयर की थी, जिसमें उनके हाथे में उनके जीते सभी मेडल थे। और दूसरे हाथ में पद्मश्री पुरस्कार था।