Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

टाटा की कंपनी ने लिया एक फैसला, सिर्फ 4 दिन में निवेशक हुए मालामाल

नई दिल्ली

बीते 4 कारोबारी दिन टाटा ग्रुप की टेलीकॉम कंपनी टाटा टेलीसर्विसेज महाराष्ट्र लिमिटेड (TTML) के निवेशकों के लिए शानदार रहे हैं। सिर्फ इन 4 दिनों में टाटा टेलीसर्विसेज महाराष्ट्र लिमिटेड में लगातार अपर सर्किट लगा है और निवेशकों को प्रति शेयर 22 रुपए तक का मुनाफा हो चुका है। टाटा के शेयर में अचानक हो रही बढ़ोतरी की वजह क्या है और आखिर शेयर का अभी भाव क्या चल रहा है, आइए इन सवालों का जवाब जान लेते हैं। 

क्या है बढ़ोतरी की वजह: दरअसल, कंपनी ने 1 फरवरी को बताया कि एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) बकाये से संबंधित एक फैसले के तहत सरकार को हिस्सेदारी देने की योजना बदल दी है। बीते जनवरी महीने में टाटा टेलीसर्विसेज ने सरकार को चुकाए जाने वाले 850 करोड़ रुपये के ब्याज बकाया को इक्विटी में बदलने का फैसला किया था, जो कंपनी में 9.5 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। हालांकि, अब कंपनी ने इस योजना को रद्द कर दिया है। 

51 प्रतिशत गिरने के बाद फैसला: टाटा टेलीसर्विसेज ने योजना को रद्द करने का फैसला तब लिया जब स्टॉक के भाव 51 प्रतिशत गिर चुके थे। पहली बार कंपनी ने अपनी इस योजना की घोषणा की तब टाटा टेलीसर्विसेज के स्टॉक का भाव 291 रुपये पर था। हालांकि, इसके बाद स्टॉक में लगातार गिरावट की वजह से स्टॉक की कीमत 141.75 रुपये तक आ गई। इसके बाद कंपनी ने योजना को रद्द कर दिया तो रिकवरी देखने को मिल रही है।