मुंबई
महाराष्ट्र में राज्य सरकार के अवेयरनेस कैम्पेन के बावजूद मुस्लिम इलाकों में टीकाकरण करवाने वालों की संख्या नहीं बढ़ रही थी। अब राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने ‘भाईजान’ यानी सलमान खान की हेल्प लेने का मन बनाया है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि सरकार बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की मदद लेगी, ताकि लोगों को टीका लगवाने के लिए राजी किया जा सके।
टोपे ने कहा, ‘मुस्लिम बहुल इलाकों में अब भी कुछ हिचकिचाहट है। हमने मुस्लिम समुदाय को टीका लगवाने के लिए राजी करने के लिए सलमान खान और धार्मिक नेताओं की मदद लेने का फैसला किया है। धार्मिक नेताओं और फिल्म अभिनेताओं का बहुत प्रभाव होता है और लोग उन्हें सुनते हैं।’