श्रीगंगानगर (रायसिंहनगर)
इलाके के गांव लिखमेवाला के एक टीचर के अपहरण और मारपीट मामले में शनिवार को शिक्षक एसडीएम से मिले। उन्होंने कार्रवाई की मांग की तथा कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार से आंदोलन की चेतवानी दी। टीचर्स ने इस मामले में एसएचओ से भी मुलाकात की तथा अब तक की प्रोग्रेस की जानकारी ली। एसएचओ से मुलाकात के बाद टीचर सीबीईओ ऑफिस पहुंचे तथा ऑफिस बंद होने कारण मेन गेट पर ज्ञापन चस्पा कर दिया।
इससे पहले सुबह टीचर्स कस्बे के गुरुद्वारा सिंह सभा में एकत्र हुए और राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के अध्यक्ष देवीसिंह की अध्यक्षता में बैठक की। इन लोगों का कहना था इस तरह के घटनाक्रम से टीचर्स में भय का माहौल है। उनका कहना था कि पुलिस प्रशासन को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
यह था मामला
गांव लिखमेंवाला के गवर्नमेंट सीनियर सैकंडरी स्कूल के टीचर मनोज कुमार को शुक्रवार को रायसिंहनगर के बाजार से गांव के ही तीन लोग अपहरण कर ले गए। उसे रीको क्षेत्र में एक फैक्ट्री में ले जाकर मारपीट की। इसी दौरान वारदात की सूचना किसी ने रायसिंहनगर पुलिस को दे दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल नंबर शेयर करने का है आरोप
घटना का कारण टीचर के आरोपियों से जुड़े एक मोबाइल नंबर किसी अन्य से शेयर करना बताया जा रहा है। इस संबंध में शुक्रवार को दिन में आरोपी ग्रामीण स्कूल आए थे तथा हैड मास्टर से विवाद किया था। स्कूल की छुट्टी के बाद टीचर मनोज कुमार के रायसिंहनगर पहुंचने पर एक बाइक की दुकान से आरोपी श्योप्रकाश, जयपाल व मनीष कुमार जीप में डालकर ले गए। इन लोगों ने आरोपी से रीको क्षेत्र में मारपीट की। वारदात की सूचना किसी के पुलिस को दे देने पर पुलिस ने मौके से तीन लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित टीचर ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाई है तथा इसमें मारपीट करने, मुकदमे में फंसाने और मारपीट का वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।