अब तक 12 जनों की हो चुकी गिरफ्तारी, आबकारी विभाग की टीम पर हमला करने का मामला हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गांव गंगागढ़ रोही में कार्रवाई करने गई आबकारी विभाग की टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में टाउन पुलिस ने शनिवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक 12 जनों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले पुलिस दस जनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा चुकी है। शनिवार को गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गंगाजल उर्फ गगला (28) पुत्र लालचंद मेघवाल निवासी श्रीनगर व कुलदीप सिंह (26) पुत्र छिन्द्रसिंह रायसिख निवासी गंगागढ़ के रूप में हुई। शनिवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। गौरतलब है कि 13 जुलाई की शाम को आबकारी विभाग की टीम ने जिला आबकारी अधिकारी चिमनलाल मीणा के नेतृत्व में टीम ने हथकढ़ शराब निकालने के रूप में बदनाम गांव गंगागढ़ रोही के देबूघाट पर रेड मारी। आबकारी विभाग की टीम अभी कच्ची हथकढ़ शराब व भट्ठियां नष्ट ही कर रही थी कि हथकढ़ शराब कारोबारियों ने टीम पर हमला कर दिया। डीईओ व आबकारी थाना प्रभारी सहित अन्य कार्मिक वहां से बचकर भाग निकले जबकि ग्रामीणों ने आबकारी जमादार एएसआई हुसैन को घेरकर हमला कर दिया। मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ दी। उनका सरकारी पिस्टल छीन लिया। दोनों पक्षों की ओर से फायर भी किए गए। बचाव में आबकारी विभाग के कार्मिकों की ओर से की गई फायरिंग में गोली लगने से तीन ग्रामीण घायल हो गए। आबकारी जमादार हुसैन (50) के अलावा दूसरे पक्ष के उदयसिंह (22) पुत्र जरनैल सिंह व सुखविन्द्र सिंह (18) पुत्र रमेशसिंह बाएं पैर के घुटने के नीचे तथा बलविन्द्र पुत्र रमेशसिंह हाथ के अंगूठे के पास गोली लगी। चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में टाउन पुलिस थाना में दोनों पक्षों की तरफ से हत्या प्रयास के परस्पर मामले दर्ज करवाए गए। आबकारी विभाग के पुलिस निरीक्षक कैलाश स्वामी पुत्र पूर्णमल की ओर से उदयसिंह वगैरा के खिलाफ आबकारी दल पर हमला करने, फायर करने, सरकारी असला छीनने, सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाने व आबकारी जमादार हुसैन पर फायर कर चोट पहुंचाने तथा राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज करवाया गया। वहीं दूसरे पक्ष की तरफ से जरनैल सिंह (65) पुत्र सुन्दरसिंह रायसिख निवासी गंगागढ़ की ओर से आबकारी विभाग हनुमानगढ़ के 20-25 कार्मिकों के खिलाफ परिवादी के बेटे उदयसिंह के अलावा सुखविन्द्र, बलविन्द्र सिंह के साथ मारपीट कर चोटें पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज करवाया गया। दोनों मामलों की जांच टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण कर रहे हैं।