होशंगाबाद
जापान के टोक्यो में 23 जुलाई में शुरू हो रहे ओलिंपिक में MP के नर्मदापुरम (होशंगाबाद) का खिलाड़ी विवेक सागर पहली बार नजर आएगा। होशंगाबाद जिले के इटारसी तहसील के चांदौन गांव के रहने वाले विवेक सागर ओलिंपिक में भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा होंगे। विवेक भारतीय हॉकी टीम के साथ 17 जुलाई को भारत से टोक्यो के लिए रवाना होंगे। भारत का पहला मैच 24 जुलाई होगा।
जापान के टोक्यो शहर में 23 जुलाई से 08 अगस्त तक ओलिंपिक खेलों के आयोजन होंगे। MP से हॉकी में होशंगाबाद से विवेक सागर और शूटिंग में खरगोन जिले के ऐश्वर्य प्रताप सिंह का चयन हुआ है। विवेक की इस उपलब्धि के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें बधाई दी है और अपनी प्रतिभा से प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। ओलिंपिक में बेहतर प्रदर्शन कर भारत को गोल्ड मेडल दिलाने के लिए पिछले चार माह से पूरी हॉकी टीम में बेंगलुरु कैंप के ग्राउंड में प्रैक्टिस कर रही है।
ग्राम चांदौन के विवेक ने इटारसी के मैदान से की प्रैक्टिस
ओलिंपिक टोक्यो में हॉकी के लिए चयनित खिलाड़ी विवेक सागर इटारसी तहसील के छोटे से गांव चांदौन के रहने वाले हैं। विवेक ने हॉकी की शुरुआत इटारसी के हॉकी मैदान से की। हॉकी के सीनियर खिलाड़ी, कोच स्वर्गीय दीपक जेम्स, स्थानीय कोच कन्हैया गुरयानी सहित सीनियर्स के मार्गदर्शन में हॉकी खेलना शुरू किया।
पिता बोले- चांदौन की माटी का विश्वभर में होगा नाम
ओलिंपिक टोक्यो में हाॅकी में परचम लहराने के लिए विवेक के घर के लोग खासे उत्साहित हैं। पिता रोहित प्रसाद, मां कमला और भाई विधासागर का सपना है कि भारतीय टीम ओलिंपिक में बेहतर प्रदर्शन कर गोल्ड मैडल लेकर आए। पहली बार उनके बेटे विवेक सागर यह मौका मिला है। माता-पिता का कहना है कि विवेक जब ओलिंपिक में हॉकी लेकर दौड़ेगा तो हमारा सम्मान गर्व से ऊंचा उठेगा। नर्मदापुरम के ग्राम चांदौन की माटी का विश्वभर में नाम होगा।

विवेक सागर।
विवेक सागर की उपलब्धियां
विवेक हॉकी की ओलिंपिक टीम में चुने जाने से पहले कई बड़ी प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं। विवेक सागर इंडियन जूनियर हॉकी टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। यूथ ओलिंपिक गेम 5 ए साइड टूर्नामेंट में भारतीय दल के कप्तान के रूप में सिल्वर मेडल, चैंपियंस ट्रॉफी नीदरलैंड में सिल्वर मेडल, एशियन गेम्स 2018 जकार्ता में ब्रॉन्ज मेडल आदि अंतर्राष्ट्रीय खेलों में पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। विवेक को एफआईएच राइजिंग स्टार अवॉर्ड 2019 एवं MP शासन के द्वारा एकलव्य अवार्ड 2018 से भी नवाजा जा चुका हैं। विवेक को ‘यूथ-ओलम्पिक’ में ‘बेस्ट-स्कोरर’ और ‘फाइनल सीरीज भुवनेश्वर’ में ‘बेस्ट जूनियर प्लेयर अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है। अब तक 62 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।