Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

ट्रक यूनियन कार्यालय ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित करने की मांग

  • हाउसिंग बोर्ड के वाशिंदों ने किया रोष-प्रदर्शन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    ट्रक यूनियन को ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित करने की मांग को लेकर जंक्शन स्थित हाउसिंग बोर्ड के वाशिंदों ने सोमवार को ट्रक यूनियन कार्यालय के समक्ष रोष-प्रदर्शन किया। इस दौरान मोहल्लेवासी राजेश गुप्ता ने बताया कि श्रीगंगानगर रेलवे फाटक के पास हाउसिंग बोर्ड की तरफ जाने वाली सड़क पहले ही संकरी है। ट्रक रोजाना बैरिकेड्स तोड़ते हैं। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि शनिवार को भी बैरिकेड तोड़ दिया। इस संबंध में मोहल्लेवासियों ने पुलिस थाना में परिवाद पेश भी किया। ऐसे में यहां अवैध रूप से संचालित ट्रक यूनियन कार्यालय का कब्जा हटाकर ट्रासपोर्ट नगर में स्थानांतरित किया जाना चाहिए। पार्षद श्यामसुन्दर झंवर ने बताया कि ट्रक यूनियन के लिए बायपास रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर में भूमि आरक्षित है परन्तु ट्रक यूनियन के सदस्यों को राजनैतिक संरक्षण प्राप्त है। इसलिए वे लम्बे समय से शहर के बीचोंबीच अवैध रूप से कब्जा कर बैठे हैं। ट्रक यूनियन के ट्रकों के कारण अनेकों बार यहां हादसे भी हो चुके हैं। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए अनेकों बार प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी सौंपे जा चुके हैं। जिला प्रभारी मंत्री को भी ज्ञापन सौंप समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई गई परन्तु राजनैतिक दबाव के चलते ट्रक यूनियन का अवैध कब्जा नहीं टूटा। उन्होंने बताया कि बच्चों व महिलाओं की आवाजाही में यहां बड़ी परेशानी होती है। वर्तमान में श्रीगंगानगर रेलवे फाटक पर अण्डरपास का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण अब ट्रक यूनियन के अवैध कब्जे के कारण आमजन को अधिक दिक्कत आ रही है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों ने मांग की कि ट्रक यूनियन कार्यालय को शहर से बाहर ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित कर राहत दिलाई जाए। इस मौके पर संजू छाबड़ा, दीपक तलवाड़िया, नरेंद्र गोदारा, सुखविंद्र सिंह, प्रेम चौपड़ा, दिनेश मित्तल, ललित सोनी, प्रकाश कूकना, नवीन बाकोलिया, संजीव छाबड़ा, तिलक भाटी, सेवानिवृत्त तहसीलदार मानसिंह, रामू सोनी, महेश भार्गव आदि मौजूद थे।