हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन की आईटीआई बस्ती के पास शनिवार सुबह अधेड़ उम्र का व्यक्ति ट्रेन से कट गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। जंक्शन पुलिस थाना के सहायक उप निरीक्षक नाथूलाल ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वे पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान सूचना मिली कि आईटीआई बस्ती के पास ट्रेन से कटने से एक जने की मौत हो गई है। सूचना पर वे मौके पर पहुंचे तो करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन तले कटने से मौत होने की बात सामने आई। आसपास के क्षेत्र में मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए गए लेकिन पहचान नहीं हो पाई। अज्ञात मृतक के शव को पहचान के लिए टाउन के एमजीएम राजकीय जिला चिकित्सालय के मोर्चरी कक्ष में रखवाया गया है।