श्रीगंगानगर
गांव छह जैड ए में डंपिंग प्वाइंट पर शहर का कचरा डालने के विरोध में ग्रामीणों का धरना जारी है। गांव के लोग अपनी बात पर अड़े हैं। उनका कहना है कि जिला प्रशासन ने बिना उनसे कोई बातचीत किए यहां डंपिंग प्वाइंट बना दिया। पहले यहां हड्डारोड़ी बनाई गई और जब गांव के लोगों ने इस मामले पर स्टे ले लिया तो अब यहां डंपिंग प्वाइंट बना दिया गया। डंपिंग प्वाइंट के विरोध में अब ग्रामीण अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि प्रशासन यहां से डंपिंग प्वाइंट हटाए। ऐसा नहीं हुआ तो संघर्ष समिति डंपिंग प्वाइंट तक कोई कचरे से लदी ट्राली नहीं जाने देगी।
कई टन कचरा हुआ एकत्र
गांव छह जैड में डंपिंग प्वाइंट में कई टन कचरा इकट्ठा हो चुका है। यहां पॉलिथिन सहित बड़ी संख्या में ऐसा कचरा है जो आसपास की जमीन को बंजर कर रहा है। वहीं आसपास के खेतों में पानी फैल जाने से वहां भी किसान खेती नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना था कि रात के समय कचरे से उठने वाली दुर्गंध हवा के साथ घरों तक पहुंच जाती है।
संगठन के नेता बोले नहीं हुआ समाधान
संगठन के कृष्ण नैण का कहना था कि उन्होंने समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन से वार्ता की लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला। वहीं इस मामले में विधायक राजकुमार गौड़ से भी संपर्क किया लेकिन उनकी ओर से भी कोई बड़ा आश्वासन अब तक नहीं मिल पाया है। ऐसे में अब उनका धरना जारी रहेगा।
शहर में लगने लगे कचरे के ढेर
जहां एक ओर ग्रामीण डंपिंग प्वाइंट हटाने की मांग पर अड़े हैं वहीं शहर में कचरे के ढेर नजर आने लगे हैं। शहर से कचरा उठाने वाले एक ट्रॉली चालक ने बताया कि गांव छह जैड के ग्रामीण डंपिंग स्टेशन पर कचरा डालने की परमिशन नहीं दे रहे हैं। उनसे बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है। शहर के मीरा मार्ग, ब्लॉक एरिया, पदमपुर रोड, ट्रक यूनियन पुलिया, बस स्टैंड के सामने, पब्लिक पार्क के पास सहित कई जगह कचरा एकत्र हो गया है। शहर के लोगों को कचरे का उठाव नहीं होने से परेशानी हो रही है।