बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस आलिया भट्ट जल्द ही एसएस राजामौली के निर्देशन में बनी फिल्म आरआरआर में साथ के पॉपुलर स्टार्स के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी। इस फिल्म में आलिया, अजय देवगन के साथ राम चरण और जूनियर एनटीआर भी लीड रोल में हैं। फिल्म के किरदारों के कुछ पोस्टर भी जारी कर दिए गए जिन्हें दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। इससे पहले भी कई बॉलीवुड के बड़े सितारे साउथ के पसंदीदा एक्टर्स के साथ नजर आकर बॉक्स ऑफिस में कमाल दिखा चुके हैं। आइए जानते हैं वो स्टार्स और फिल्में कौन सी हैं-
अक्षय कुमार- रजनीकांत
फिल्म- 2.0
साल 2018 की साइंस फिक्शन फिल्म 2.0 में साउथ सुपरस्टार रजनीकांत और खिलाड़ी कुमार अक्षय साथ नजर आए थे। जहां फिल्म में रजनी पसंदीदा रोबोट चिट्ठी के रोल में थे वहीं अक्षय ने फिल्म में नेगेटिव रोल निभाकर हर किसी को इंप्रेस कर दिया था। फिल्म को एस रंजन द्वारा निर्देशत किया गया था जिसने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 655 से 800 करोड़ रुपए का बिजनेस किया था।

रवीना टंडन- कमल हसन
फिल्म- आलावंधन
साल 2001 की साइकॉलोजिकल थ्रिलर फिल्म आलावंधन में रवीना टंडन और कमल हसन को पहली बार साथ स्क्रीन शेयर करते देखा गया था। इस फिल्म में रवीना ने तेजस्विनी और कमल ने आर्मी के मेजर विजय और उसके पागल भाई नंदू का डबल रोल निभाया था। ये फिल्म एक जबरदस्त हिट साबित हुई थी।

अमिताभ बच्चन- रजनीकांत- गोविंदा
फिल्म- हम
साल 1991 की मल्टीस्टारर फिल्म हम एक जबरदस्त हिट साबित हुई थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन, गोविंदा और रजनीकांत ने तीन भाइयों का रोल प्ले किया था। तीनों की एकता को दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया गया जिससे फिल्म ने 16.75 करोड़ रुपए का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था। इनके अलावा फिल्म में किमी काटकर, अनुपम खेर, कादर खान, शिल्पा शिरोड़कर और डैनी भी अहम किरदारों में थे।

सोनाक्षी सिन्हा- रजनीकांत
फिल्म- लिंगा
साल 2014 में दबंग एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने साउथ सुपरस्टार रजनीकांत के साथ तमिल डेब्यू किया था। फिल्म दो अलग जनरेशन की कहानी थी जिसमें सोनाक्षी फ्लैशबैक का हिस्सा थीं। फिल्म लिंगा नाम के एक चर्चित चोर की कहानी है जिसे एक गांव में चोरी करने के दौरान पता चलता है कि उनके दादा ने उस गांव के लिए बांध बनवाया था। फिल्म अनुष्का शेट्टी भी लीड रोल में थीं।

सोनम कपूर- धनुष
फिल्म- रांझणा
साल 2013 में रिलीज हुई रांझणा एक जबरदस्त हिट साबित हुई थी। फिल्म ने 95 करोड़ रुपए का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था जिससे सोनम और धनुष को खूब तारीफें मिली थी। फिल्म बनारस के कुंदन शर्मा की कहानी थी जो अपने बचपन के प्यार जोया को पाने के लिए हर मुमकिन कोशिश करते हैं, हालांकि उनकी सभी कोशिशें ये जानकर नाकाम हो जाती हैं कि जोया किसी और से प्यार करती है। फिल्म में अभय देओल और स्वरा भास्कर भी अहम किरदारों में थे। फिल्म, इसके गाने और इसके सभी डायलॉग आज भी लोगों की जुबान पर है।

अमिताभ बच्चन- धनुष
फिल्म- शमिताभ
आर बाल्की के निर्देशन में बनी फिल्म में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और धनुष साथ नजर आए थे। फिल्म एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है जो एक्टर बनना चाहता है लेकिन उसके पास आवाज नहीं है। अपने संघर्ष के दौरान धनुष की मुलाकात एक ऐसे शख्स से हो जाती है जिसके पास दमदार आवाज है। दोनों आपस में मिलकर अपने टैलेंट से लोगों का दिल जीत लेते हैं।
ये भी हैं बॉलीवुड और साउथ एक्टर्स की हिट फिल्में-
मनीषा कोइराला- कमल हसन
फिल्म– हिंदुस्तानी (1995)
काजोल- धनुष
फिल्म- वीआईपी 2 (2017)
कियारा आडवाणी- महेश बाबू
फिल्म- भारत अने नेनू (2018)
रति अग्निहोत्री- कमल हसन
फिल्म- एक दूजे के लिए (1981)
पूजा भट्ट- नागार्जुन
फिल्म- जख्म (1998)
डिंपल कपाड़िया- कमल हसन
फिल्म- सागर (1985)
तब्बू- कमल हसन
फिल्म- चाची 420 (1997)