Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

डायमंड लीग लुसाने में शीर्ष पर रहे नीरज

लुसाने (वार्ता). टोक्यो ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए डायमंड लीग के लुसाने चरण में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
चोट से लौटे नीरज ने शुक्रवार रात हुए भाला फेंक आयोजन में 87.66 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ इस सीजन लगातार दूसरी जीत दर्ज की। डायमंड लीग के गत चैंपियन नीरज ने इससे पहले दोहा चरण में भी 88.67 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ पहला स्थान हासिल किया था।
नीरज ने पिछले महीने प्रशिक्षण के दौरान मांसपेशियों में आये खिंचाव के कारण तीन शीर्ष स्पधार्ओं में भाग नहीं लिया था। उन्होंने लुसाने में फाउल से शुरूआत की जबकि दूसरे और तीसरे प्रयास में 83.52 एवं 85.04 मीटर के थ्रो किये। उनका चौथा प्रयास भी फाउल रहा लेकिन पांचवें प्रयास में नीरज ने 87.66 मीटर की विजयी थ्रो फेंकी। उनका छठा और आखिरी थ्रो 84.15 मीटर का रहा।
जर्मनी के जूलियन वेबर 87.03 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि चेक गणराज्य के जैकब वाडलेच ने 86.13 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
नीरज पिछले साल अगस्त में भी डायमंड लीग के लुसाने चरण में शीर्ष स्थान पर रहे थे, जिसके बाद उन्होंने सितंबर में हुए फाइनल में शीर्ष पर रहकर खिताब जीता था।
इसी बीच, पुरुषों की लंबी कूद में भारत के मुरली श्रीशंकर 7.88 मीटर की छलांग के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
श्रीशंकर ने नौ जून को डायमंड लीग के पेरिस चरण में तीसरा स्थान हासिल किया था। वह इस महीने की शुरूआत में भुवनेश्वर में राष्ट्रीय अंतर-राज्य चैंपियनशिप के दौरान करियर का सर्वश्रेष्ठ 8.41 मीटर का प्रदर्शन कर पहले स्थान पर रहे थे।