श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। डीएवी कॉलेज में एमजीएसयू, बीकानेर की 18वीं अन्तरमहाविद्यालय हैण्डबॉल (पुरूष व महिला वर्ग) प्रतियोगिता में मेजबान डीएवी कॉलेज के खिलाड़ियों ने सरस्वती कॉलेज श्रीगंगानगर को 24-13 से पराजित कर विश्वविद्यालय हैण्डबॉल में चैम्पियनशिप अपने नाम की। विजेता टीम के रोहित खान, कीपर ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं महिला वर्ग में चौ़ बल्लूराम गोदारा गर्ल्स कॉलेज ने डंूगर कॉलेज, बीकानेर को फाइनल मैच में 12-2 से हराकर चैम्पियन बनी। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश पूनिया ने कहा कि खिलाड़ी पुलिस सेवा में आकर देश सेवा में अपना योगदान दे सकते हैं। वर्तमान में पुलिस सेवा के चयन में खिलाड़ियों को आरक्षण दिया जाता है। महर्षि दयानन्द शिक्षा समिति के प्रबन्धक हरीराम कूकणा ने कहा कि जीवन में खेलों का अत्यधिक महत्व है। प्रिंसीपल डॉ़ मीनू पूनिया ने सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि महाविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल गतिविधियों की भी स्तरीय सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। विजेता टीमों को सम्मानित किया गया।