सूरतगढ़ रोड का निर्माण करने वाली फर्म फिर भागने की तैयारी
by seemasandesh
पीडब्लूडी ने फर्म को दिया आखिरी और चेतावनी नोटिस श्रीगंगागनर। सूरतगढ़ मार्ग स्थित वृद्वाश्रम मार्ग चौराहा से किसान चौक (4एलएल) तक सड़क की चौडाई बढ़ाकर निर्माण करवाने का कार्य एक बार फिर से ठण्डे बस्ते में पड़ गया है। इस सड़क पर चलने वालों को कई माह और परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। निर्माण करने वाले फर्म को पीडब्लूडी द्वारा निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कई बार नोटिस दिए गए है। इसके बाद भी बाद भी कार्य शुरू नहीं किया जा रहा है। इस कारण फर्म को विभाग ने मंगलवार को आखिरी और चेतवानी नोटिस दिया है। मिली जानकारी के अनुसार सूरतगढ़ मार्ग पर वृद्वाश्रम मार्ग चौराहा से लेकर नेतेवाला गांव तक सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर निर्माण करवाने का पीडब्लूडी विभाग द्वारा दो फर्म को ठेका दिया गया है। इनमें श्री इंटर प्राइजेज की फर्म को वृद्वाश्रम मार्ग चौराहा से किसान चौक तक सड़क का निर्माण करने का ठेका दिया था। इस फर्म ने समय अवधि के दौरान कार्य शुरू नहीं किया है। पीडब्लूडी विभाग कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार श्री इंटर प्राइजेज फर्म ने सड़क का निर्माण कार्य समय पर शुरू नहीं किया है। इस कारण फर्म को दो नोटिस दिए थे। इसके बाद भी कार्य शुरू नहीं किया है, इस कारण एक और आखिरी और चेतावनी नोटिस दिया गया है। इसके बाद भी सात दिनों में सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो फर्म की अमानत राशि जप्त करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इनका कहना है वृद्वाश्रम मार्ग चौराहा से किसान चौक तक सड़क का निर्माण कार्य करने वाली फर्म संचालक को कई बार मौखिक रूप कार्य शुरू करने के लिए कहा गया है। इसके बाद भी कार्य शुरू नहीं करने पर फर्म को आखिरी नोटिस दिया गया है। समय अवधि में कार्य शुरू नहीं करने पर ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी, फिर से नई फर्म को ठेका दिया जाएगा। – रमेश कुमार सुथार, एईएन पीडब्लूडी