इजिप्ट के 28 वर्षीय इंजीनियर महमूद एल कोमी ने ऐसा रोबोट तैयार किया है जो रेगिस्तान में हवा से पानी बनाता है। रोबोट का नाम इलू रखा गया है। यह हवा में मौजूद नमी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से पानी में बदलता है। इंजीनियर कोमी का दावा है कि यह रोबोट मंगल ग्रह पर भी नमी को एब्जॉर्ब करके पानी बना सकता है।

कर्म खर्च पर ज्यादा पानी बनाता है
इंजीनियर एल कोमी के मुताबिक, इलू आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से काम करता है और रिमोट से कंट्रोल किया जा सकता है। इसे ऐसी तकनीक से तैयार किया गया है जिसमें खर्च कम आता है और ज्यादा पानी तैयार किया जा सकता है।
कोमी कहते हैं, मैं इतने रोबोट तैयार कर सकता हूं जो बिना किसी समस्या के रोजाना 5 हजार लीटर पानी उपलब्ध करा सकते हैं। इस पानी को तैयार करने में होने वाला खर्च दूसरी तकनीक के मुकाबले काफी कम है।

मैकेनिकल हीट एक्सचेंजर्स का बेहतर विकल्प
वर्तमान में हवा से पानी बनाने के लिए मैकेनिकल हीट एक्सचेंजर्स का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन यह तकनीक काफी महंगी होने के साथ इसमें ऊर्जा की अधिक जरूरत होती है। इलू इसका नया, सस्ता और असरदार विकल्प बन सकता है।

इलू रोबोट तैयार करने में 9 माह लगे
इलू रोबोट को तैयार करने में 9 माह का समय लगा है। इसे तैयार करने वाले इंजीनियर कोमी कहते हैं, इलू का इस्तेमाल बड़े स्तर पर उन क्षेत्रों में भी किया जा सकेगा जो सूखे की चपेट में है और पानी बिल्कुल भी उपलब्ध नहीं है।

कोमी के मुताबिक, इस रोबोट को तैयार करने में 18 हजार रुपए लगे हैं। इलू से एक लीटर पानी तैयार करने में 7 पैसे लगता है। वहीं, दूसरी तकनीक से 75 पैसे का खर्च आता है।