तापसी पन्नू ने उन लोगों पर तंज कसा है, जो किसान आंदोलन के समर्थन में की गईं पॉप स्टार रिहाना समेत इंटरनेशनल सेलेब्स की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद देश के लिए एकजुटता के साथ खड़े होने की गुजारिश कर रहे हैं। इनमें कई बॉलीवुड सेलेब्स के नाम भी शामिल हैं। इन सभी ने सोशल मीडिया ट्रेंड #IndiaTogether और #IndiaAgainstPropaganda का समर्थन करते हुए लोगों से झूठे प्रोपेगेंडा में न पड़ने के लिए कहा था।
तापसी ने लिखा- आपको प्रोपेगेंडा टीचर बनने की जरूरत नहीं
तापसी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “अगर एक ट्वीट आपकी एकता को हिला सकता है, अगर एक मजाक आपके विश्वास को कुरेद सकता है या फिर एक शो आपकी धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकता है तो आपको अपने वैल्यू सिस्टम की मजबूती पर काम करने की जरूरत है, दूसरों के लिए प्रोपेगेंडा टीचर बनने की नहीं।”
पूरे मामले की शुरुआत 32 साल की रिहाना की उस पोस्ट के बाद हुई, जिसमें उन्होंने अमेरिकी न्यूज चैनल CNN की एक खबर पोस्ट कर सवाल उठाया था, ‘हम इस पर (भारत के किसान आंदोलन पर) बात क्यों नहीं कर रहे हैं?’ उनकी इस पोस्ट को 2.20 लाख लोगों ने री-ट्वीट किया। इसके बाद नॉर्वे की 18 साल की क्लाइमेट एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ने भी CNN की उसी खबर को टैग करते हुए कहा, ‘हम भारत के किसान आंदोलन के प्रति एकजुटता दिखाते हैं।’
इसके बाद अमेरिकी एक्ट्रेस अमांडा कर्नी ने किसान आंदोलन में शामिल महिलाओं की फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘दुनिया आपको देख रही है। इस मुद्दे को समझने के लिए आपको भारतीय, पंजाबी या दक्षिण एशियाई होने की जरूरत नहीं है। आपको सिर्फ इंसानियत की फिक्र करने की जरूरत है। हमेशा अभिव्यक्ति की आजादी, प्रेस की आजादी, बुनियादी ह्यूमन राइट्स और सिविल राइट्स की आजादी की मांग कीजिए।’फिर पूर्व पोर्न स्टार मिया खलीफा ने भी लिखा, ‘ये किस तरह का ह्यूमन राइट्स वॉयलेशन हो रहा है। नई दिल्ली के आसपास इंटरनेट ही बंद कर दिया गया है।’
मामला बढ़ा तो सरकार के समर्थन में उतरीं भारतीय हस्तियां
इंटरनेशनल सेलेब्स के अभियान पर विदेश मंत्रालय ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने फटकार लगाते हुए उन्हें पहले मामले को समझने की सलाह दी। इसके बाद कई भारतीय हस्तियां सरकार के समर्थन में उतर आईं। सबसे पहले अक्षय कुमार आगे आए। उन्होंने इंटरनेशनल सेलेब्स की पोस्ट को इंडियंस के बीच दरार डालने वाली बताया और लोगों से इस पर ध्यान न देने की अपील की। फिर सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, करन जौहर, अजय देवगन, एकता कपूर और सुनील शेट्टी समेत कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर सरकार का समर्थन किया और देशवासियों से एकजुटता दिखाने की गुजारिश की।