तीन छात्र-छात्राओं को डॉ. अम्बेडकर शिक्षा सम्मान से किया सम्मानित
by seemasandesh
अम्बेडकर जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती गुरुवार को जिला व ब्लॉक मुख्यालय पर समरसता दिवस के रूप में मनाई गई। अम्बेडकर जयंती सामाजिक समरस्ता दिवस पर जिला मुख्यालय पर जंक्शन में बाइपास पर स्थित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सावित्री बाई फुले छात्रावास में जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में तीन छात्र-छात्राओं को डॉ. अम्बेडकर शिक्षा सम्मान से सम्मानित किया गया। पुरस्कार स्वरूप तीनों छात्र-छात्राओं को 51-51 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में जिला कलक्टर नथमल डिडेल, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रतिभा देवठिया, नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल, जिला अहिंसा बोर्ड के सह संयोजक तरुण विजय, उपखण्ड अधिकारी डॉ. अवि गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हंसराज जाजेवाल, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक प्रवेश कुमार सोलंकी ने शिरकत की। अतिथियों ने कार्यक्रम में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर शिक्षा पुरस्कार योजना अंतर्गत राजस्थान माध्यमिक बोर्ड की कक्षा 10वीं व 12वीं परीक्षा-2021 में अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले छात्र मोहित बैरवा, छात्रा करमजीत कौर व हर्षप्रीत कौर को 51-51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्रावास की बालिकाओं की ओर से डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन, महिला शिक्षा में योगदान, सामाजिक समरसता में डॉ. अम्बेडकर का योगदान विषय पर प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर जैसे महान क्रान्तिकारी, देशभक्तों के जन्मदिवस और पुण्यतिथि पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित होने से वर्तमान पीढ़ी को बहुत कुछ सीखने को मिलता है। युवा पीढ़ी यह बात जान पाती है कि वह क्या आदर्श है जिनके बलबूते इन देशभक्तों व क्रांतिकारियों ने इस देश के लिए महान कार्य किया। इन महान देशभक्तों व क्रांतिकारियों की जीवनी व व्यक्तित्व से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि आज जो हमारे सामने हालात पैदा हो रहे हैं उनका कैसे सामना किया जाए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विक्रम सिंह शेखावत ने बताया कि शांति एवं अहिंसा निदेशालय के निर्देशानुसार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को जिले भर में समरसता दिवस के रूप में मनाया गया है। उसी क्रम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंच संचालन सामाजिक कार्यकर्ता भीष्म कौशिक ने किया।