Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

श्रद्धासुमन अर्पित कर काटा केक

  • ग्राम पंचायत मक्कासर में सरपंच की अध्यक्षता में मनाई गई बाबा साहेब की जयंती
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 131वीं जयंती पर गुरुवार को जिला मुख्यालय की निकटवर्ती ग्राम पंचायत मक्कासर में बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद सरपंच बलदेव सिंह ने केक काटा। इस दौरान वार्ड पंचों के अलावा गांव के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस मौके पर सरपंच बलदेव सिंह ने कहा कि बाबा साहेब एक भारतीय विधिवेत्ता, राजनीतिज्ञ, दार्शनिक, अर्थशास्त्री के साथ-साथ इतिहासकार भी थे। डॉ. भीमराव अम्बेडकर भारतीय जाति व्यवस्था के कट्टर आलोचक माने जाते थे। उन्हें हाशिए के समुदायों को ऊपर उठाने के लिए कई सुधार लाने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने दलितों के लिए राजनीतिक और सामाजिक आजादी पर जोर दिया। सामाजिक न्याय की अवधारणा को मजबूत कर वंचित तबके के बदलाव और हक की लड़ाई लड़ने वाले बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का सामाजिक परिवर्तन में अमूल्य योगदान रहा है। जयंती पर उनके सामाजिक बदलाव के सपने को पूरा करने के लिए संकल्प लेने की जरूरत है। इस दौरान ग्राम पंचायत की ओर से गांव के वार्ड नम्बर आठ स्थित हरिजन धर्मशाला का नाम बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर सामुदायिक केन्द्र के नाम पर रखने का प्रस्ताव पारित किया गया।