Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

तीन दिन से चल रही बिकवाली थमी:सेंसेक्स 209 अंक चढ़कर 52,653 पर बंद, 74 अंक उछलकर 15,783 पर रहा निफ्टी, निफ्टी के मेटल इंडेक्स में 5.02% का उछाल

वायदा बाजार में जुलाई महीने की सीरीज के सेटलमेंट वाले दिन शेयर बाजार में मजबूती रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 209.36 पॉइंट (0.40%) चढ़कर 52,653.07 पर बंद हुआ। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 73.90 पॉइंट यानी 0.47% उछलकर 15,783.30 पर रहा।

बाजार में चौतरफा खरीदारी हुई जिससे छोटे और मझोले शेयरों के इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। निफ्टी मिड कैप में 0.71% और स्मॉल कैप में 0.82% की मजबूती रही। सेक्टर इंडेक्स में सबसे ज्यादा 5.02% का उछाल निफ्टी मेटल में आया। निफ्टी FMCG में 1.02% की मजबूती रही।

विदेशी बाजारों, खासतौर पर यूरोप में स्ट्रॉन्ग क्लोजिंग और एशिया में मजबूत रुझानों के बीच घरेलू बाजार की मजबूत शुरुआत हुई। सेटलमेंट वाले दिन 63 अंक की बढ़त के साथ खुले निफ्टी में 80 अंक जबकि 250 पॉइंट ऊपर खुले सेंसेक्स में 216 अंक का उतार-चढ़ाव हुआ।

कारोबार की शुरुआत में निफ्टी 15,762.70 के ओपन लेवल से 25 पॉइंट नीचे 15,737.80 तक आ गया था। दोपहर के सत्र में यह तेजी का रुझान बनने पर 15,817.35 के हाई तक पहुंच गया था। सेंसेक्स कारोबार के दौरान 52,777.18 से 52,561.39 के बीच रहा।

तत्व चिंतन की 95% प्रीमियम पर लिस्टिंग

तत्व चिंतन का शेयर निफ्टी पर 1,028 रुपए यानी 95% के प्रीमियम के साथ 2,111 रुपए पर लिस्ट हुआ। ग्रे मार्केट के डेटा निवेशकों को हर शेयर पर लगभग 1,150 रुपए की कमाई होने का अनुमान दे रहे थे। कंपनी का शेयर एनएसई पर इश्यू प्राइस से 1229.20 रुपए यानी 113.50% ऊपर 2,303.30 रुपए पर बंद हुआ। बीएसई पर यह 1227.25 यानी 113.32% की बढ़त के साथ 2310.25 रुपए पर रहा।

ग्लेनमार्क लाइफ को 14.13 गुना सब्सक्रिप्शन

ग्लेनमार्क लाइफसाइंजसेज के IPO को तीसरे यानी अंतिम दिन दोपहर 1 बजे तक कुल 14.13 गुना का सब्सक्रिप्शन मिला था। रिटेल इनवेस्टर्स की तरफ से इसको अच्छा रेस्पॉन्स मिला था। उन्होंने अपने लिए रिजर्व कोटे में 12.00 गुना शेयरों के लिए एप्लिकेशन दिया था।

विंडलैस के IPO का 448-460 का प्राइस बैंड

विंडलैस बायोटेक ने IPO का प्राइस बैंड तय कर दिया है। कंपनी 448-460 रुपए की प्राइस रेंज वाले इश्यू से 401.53 करोड़ रुपए जुटाएगी। इस साल का यह 31वां IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 4 से 6 अगस्त तक खुला रहेगा। निवेशक IPO के लिए 30 शेयरों के लॉट में आवेदन दे सकते हैं। विंडलैस दूसरी दवा कंपनियों के लिए कॉन्ट्रैट पर दवाओं की मैन्युफैक्चरिंग करती है।

आज के वित्तीय परिणाम

आज इन कंपनियों के वित्तीय नतीजे आने वाले हैं: टेक महिंद्रा, कोलगेट पामोलिव, AAVAS फाइनेंसियर्स, ADF फूड्स, एजिस लॉजिस्टिक्स, अजंता फार्मा, CCL प्रॉडक्ट्स, कॉनकॉर, धानुका एग्रीटेक, द्वारिकेश शुगर, एरिस लाइफसाइंसेज, फ्यूचर रिटेल, GHCL, होम फर्स्ट फाइनेंस कंपनी, इंडस टावर्स, JK लक्ष्मी सीमेंट, जिंदल स्टेनलेस, ज्योति लैब्स, लॉरस लैब्स, LIC हाउसिंग, महिंद्रा हॉलिडेज, MOFSL, ओबेरॉय रियल्टी, पराग मिल्क, पंजाब एंड सिंध बैंक, PVR, रेमंड, शॉपर्स स्टॉप, श्रीराम सिटी यूनियन, TVS मोटर, यूनियन बैंक, वैभव ग्लोबल, वेलस्पन कॉर्प।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *