नई दिल्ली
आईपीएल 2022 में बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों पर भी टीमें जमकर नोट बरसा रही हैं। एक तरफ जहां श्रेयस अय्यर और ईशान किशन जैसे युवा खिलाडियों ने नीलामी में मोटी रकम हासिल की है, तो वहीं भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर और प्रसिद्ध कृष्णा को भी बड़ी रकम हाथ लगी है। चलिए आपको बताते हैं कि इस नीलामी में तेज गेंदबाजों को कितनी रकम मिली और किस टीम ने उन्हें खरीदा है।
टी नटराजन
तेज गेंदबाजों के लिए ऑक्शन की प्रक्रिया टी नटराजन के नाम से शुरू हुई थी। नटराजन को सनराइजर्स हैदराबाद ने अपनी टीम में फिर से शामिल कर लिया है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 4 करोड़ रुपये में अपनी टीम से जोड़ा है।
दीपक चाहर
चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार गेंदबाज रहे दीपक चाहर पर सभी की नजरें थी। वह ऑक्शन में मोटी रकम हासिल करने वाले थे और ऐसा ही हुआ। कई टीमों के बीच हुई बिडिंग वॉर के बीच चेन्नई सुपर किंग्स ने बाजी मारते हुए दीपक चाहर को खरीद लिया। CSK ने उन्हें 14 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। इससे पहले वह सीएसके के साथ 80 लाख रुपये में थे।