अलवर
अलवर में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां किराए पर रह रहे एक युवक के कमरे में गैस लीक होने से आग लग गई और तेज विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि कमरे की एक तरफ की पूरी दीवार करीब 50 फीट दूर जाकर गिरी। कमरे में मौजूद युवक भी आग से जलता हुआ एक मंजिल नीचे गिर गया।
आग की लपटों से घिरा युवक खेतों की तरफ दौड़ गया। धमाके की आवाज सुन मौके पर पहुंचे लोगों ने युवक पर लगी आग को बुझाया, लेकिन अस्पताल में युवक ने दम तोड़ दिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
हादसे में कमरे के अंदर सो रहा बानसूर निवासी 21 साल का युवक खुशविंदर पुत्र गोपाल 70 प्रतिशत झुलस गया था। धमाके से कमरे की एक दीवार गिर गई। वहीं दूसरी दीवारें भी गिराने की हालत में हैं। विस्फोट काफी तेजी से हुआ था। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर आ गए थे।