बीकानेर
बीकानेर में हुसंगसर व गैरसर गांव के बीच ओवरलोड पिकअप पलटने से 18 लोग घायल हो गए, जबकि तीन की मौके पर ही मौत हो गई। जिसमें दादा के साथ उनके पोते और पोती की भी मौत हो गई। घटना के बाद घायलों को पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लाया गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह हुसंगसर से एक पिकअप गाड़ी रवाना हुई थी, जिसमें एक ही परिवार के करीब बीस लोग सवार थे। कच्चे रास्ते में आ रही पिकअप रास्ते में तेज स्पीड के कारण पलट गई। पलटने के साथ ही इसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य 18 जने घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार मृतकों में 65 साल के मांगीलाल और उसका पोता मोहनराम (11) व सुमन (9) की मौके पर ही मौत हो गई। इन तीनों का शव पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। वहीं शेष 18 का पीबीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दी जा रही है जबकि कुछ के हाथ व पैर में फैक्चर होने के कारण इलाज चल रहा है। घायलों में संतोष, उमादेवी, शिवलाल, जगदीश, लिछमा, मुकेश, सुनील, रूपा, सुनीता, शारदा, ओमप्रकाश, माया, आईना, मनोहरी, गोमदराम, भैराराम, शिवलाल, इशिका घायल हो गए हैं। इनमें नौ बच्चे भी शामिल है। जिनकी उम्र 9 से 12 साल के बीच है। बीछवाल थाना अधिकारी मनोज शर्मा, सदर थानाधिकारी सत्य राम गोदारा, यातायात सीओ अजय सिंह और ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रदीप चारण सहित कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।
भाजपा नेता पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेता पूर्व जिलाध्यक्ष और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्य प्रकाश आचार्य,जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अशोक प्रजापत, जिला मंत्री अरुण जैन पीबीएम ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।