नई दिल्ली
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ 60 रनों की पारी खेलकर साबित कर दिया कि वह फॉर्म में वापसी कर चुके हैं। टीम इंडिया की पांच विकेट से हार के बाद विराट जब प्रेस कॉन्फ्रेन्स में पहुंचे, तो उनसे कई सवाल पूछे गए, जिसमें से एक के जवाब में उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का जिक्र किया। विराट ने जिस तरह की बात धोनी को लेकर कही, उससे ऐसा लगा कि वह इशारा कर रहे हैं कि उन्हें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का सपोर्ट नहीं मिला था।
इनसाइड स्पोर्ट्स ने एक बीसीसीआई अधिकारी के हवाले से लिखा, ‘विराट को हर किसी ने बैक किया। टीम के हर खिलाड़ी से लेकर बीसीसीआई तक सबने। यह कहना कि उन्हें सपोर्ट नहीं किया गया, यह सच नहीं है। उन्हें ब्रेक दिया गया, जिससे वह वापसी कर सकें। उनको लगातार आराम दिया गया। जब उन्होंने टेस्ट कप्तानी छोड़ी तब बीसीसीआई से लोगों ने उन्हें सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं भी दीं। मुझे नहीं समझ में आता है यहां यह बात कैसे आ गई कि उन्हें किसी ने सपोर्ट नहीं किया।’